कैथल, 9 अप्रैल ( ) जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बूथ स्तर अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे लोकसभा आम चुनाव के दौरान गंभीरता व निष्पक्षता से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। बूथ स्तर अधिकारी मतदाता सूचियों के डाक्टर के रूप में कार्य करते हुए मतदाता-जनसंख्या अनुपात, महिला एवं पुरूष मतदाता अनुपात बढ़ाने के लिए प्रयास करें तथा 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए भी घर-घर जाकर सर्वे करें।
डॉ. प्रियंका सोनी स्थानीय पंचायत भवन के हॉल में पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह के साथ बूथ स्तर अधिकारियों को संबोधित कर रही थी। जिला प्रशासन द्वारा लोकसभा आम चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ स्तर अधिकारियों को विधानसभा एवं जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी बूथ स्तर अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को वोटर स्लीप एवं वोटर गाईड वितरित करें। उन्होंने कहा कि सभी बूथ स्तर अधिकारी घर-घर जाकर 18 व 19 वर्ष के ऐसे पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण करना सुनिश्चित करें, जिनका अभी तक किसी कारणवश मतदाता सूचियों में नाम दर्ज नही हो पाया है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर अधिकारी अपने बूथ की जनसंख्या एवं मतदाताओं की संख्या के अनुपात को भी ध्यान में रखें तथा इसे बढ़ाने का प्रयास करें। इसके अलावा अपने क्षेत्र में पुरूष-महिला मतदाताओं के अनुपात को भी बढ़ाने के लिए विशेषकर महिलाओं के पंजीकरण पर ध्यान दें। शादी से पहले मायके में रह रही लड़कियों को भी वोट बनवाने के लिए प्रेरित करें, यदि वे 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बूथ स्तर अधिकारी अपने-अपने विद्यालयों में प्रात: कालीन सभा के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करें कि वे अपने माता-पिता को मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि लोकतंत्र की मजबूती के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी चुनाव प्रक्रिया में हो सके। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह की बैठकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा बुजुर्ग महिलाओं को भी मतदान के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर अधिकारी अपने क्षेत्र में दिव्यांग मतदाताओं की पहचान करके यह पता लगाएं कि इनमें से कितने मतदाताओं के पास मतदान हेतू जाने के लिए अपने वाहन उपलब्ध नही है, ताकि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे मतदाताओं की सुविधा के लिए वाहनों का प्रबंध किया जा सके। उन्होंने कहा कि 12 अप्रैल तक नए वोट बनवाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। इसके अतिरिक्त महिला-पुरूषों के अलावा भी ट्रांसजैंडर मतदाताओं को वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया जाए। सभी बूथ स्तर अधिकारी अपने मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं पीने का पानी, बिजली, शौचालय आदि की जांच करें और यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी मतदान केंद्र भवन के प्रथम तल अथवा धार्मिक स्थल पर स्थापित न किया गया हो।
डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं का विश्वास प्रगाढ़ करने के लिए इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन को वीवीपैट से युक्त किया है। वीवीपैट अर्थात वोटर वैरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल के इस्तेमाल से मतदाताओं को अपना मतदान सही होने की पुष्टि मिलेगी, जोकि वीवीपैट पर 7 सैकेंड तक दिखाई देगी। इसके बाद यह स्लीप वीवीपैट के सील बंद बाक्स में चली जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इन स्लीपों का मिलान भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यालय द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण के दौरान सभी बूथ स्तर अधिकारी इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन तथा वीवीपैट की कार्य प्रणाली की पूर्ण जानकारी हासिल करें, ताकि चुनाव के समय सुविधा जनक हो सके।
पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त श्री आरके सिंह ने बूथ स्तर अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेवारी को पूर्ण गंभीरता से निभाएं। लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्तियों को चुनाव प्रक्रिया में सक्रीय रूप से भागीदार बनाया जा सके। बूथ स्तर अधिकारियों का चुनाव में महत्वपूर्ण रोल होता है। वे बुद्धिमता पूर्वक अपने कार्य को अंजाम दें। हर मतदाता के मत का बराबर महत्व होता है, चाहे व अमीर हो या गरीब और यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। चुनाव कानूनगो शमशेर सिंह ने सभी बूथ स्तर अधिकारियों को इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन तथा वीवीपैट की कार्य प्रणाली का प्रशिक्षण दिया तथा बूथ स्तर अधिकारियों के प्रश्नों के जवाब दिए। इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India