कुरुक्षेत्र 27 अगस्त: रैडक्रास एवं सेंट जान के वाईस चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने कहा कि युवा पीढ़ी पाश्चात्य संस्कृति की गिरफ्त में फंस चुकी है और अपने नैतिक मुल्यों को भूलती जा रही है। ऐसे समय में हम सबका सामुहिक दायित्व है कि भारतीय संस्कृति के प्रति रक्षात्मक कदम उठाए।
वे मंगलवार को पंजाबी धर्मशाला में आयोयित 3 दिवसीय राज्य स्तरीय बिग्रेड अधिकारी प्रशिक्षण एवं रिफ्रेशर कोर्स शिविर के समापन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव परमात्मा की अनमोल कृति है और परमात्मा सर्वत्र विद्यमान है, इसलिए मनुष्य को अपने लिए नहीं बल्कि दूसरों के कल्याण के लिए जीना चाहिए। कार्यक्रम निदेशक एवं राज्य प्रशिक्षण अधिकारी संजीव धीमान ने कार्य में प्रशिक्षण के महत्व को प्रतिपादित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से न केवल हमारे व्यवहारिक ज्ञान में वृद्घि होती है बल्कि कार्य को सुगमता और बेहतरीन ढंग से करने में भी मदद मिलती है। इस मौके पर राजा सिंह झिंझर तथा प्राचार्य राजरानी ने प्रशिक्षण शिविर में किए गए कार्यो की समीक्षात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस प्रशिक्षण शिविर में 158 बिग्रेड अधिकारी व प्राथमिक उपचार प्रवक्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के उपरांत समस्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
प्रसिद्घ कवि एवं गीतकार डा. सीएस वर्मा प्रभाकर ने अपने विशेष अंदाज में दीप जलाना चाहता नामक रचना की प्रस्तुती देकर मानवीय भावनाओं और संवेदनाओं को कुरेदने का प्रयास किया तथा कनुप्रिया ने देशभक्ति पर आधारित कविता सुनाकर सभी का मन मोह लिया। प्रोफेसर मीनू शर्मा ने एकल नृत्य की प्रस्तुती दी। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर ईशांक कौशिक, एमसी धीमान व प्रवक्ता नवीन बसंल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन बिग्रेड कमांडर टेकचंद यादव ने किया। इस मौके पर अनूप सिंह यादव, डीओसी रमेश सोनी, पूर्व सेना अधिकारी रविन्द्र सांगवान, अनिल वर्मा, देवेन्द्र, इंद्रजीत, सिमरनजीत कौर, सोनिया शर्मा आदि मौजूद थे।
Post Now India Post Now India