करनाल 10 जून: शहर के विकास और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने को लेकर महापौर रेणु बाला गुप्ता का दौरों का सिलसिला जारी है। इसी बीच महापौर ने सोमवार को वार्ड नम्बर 17 में जाकर शिव कॉलोनी, शास्त्री नगर, शास्त्री कॉलोनी तथा हकीकत नगर क्षेत्र का दौरा किया और नागरिकों की दिक्कतें सुनी। वार्ड पार्षद जोगिन्द्र शर्मा एवं नागरिकों ने टूटी हुई गलियों की समस्या को महापौर के समक्ष रखा। मेयर ने उसी समय दौरे में मौजूद निगम इंजीनियरों को निर्देश दिए कि जिन गलियों में लोगों की आवाजाही अधिक है, उन्हें प्राथमिकता पर लेकर बनवाएं। इन गलियों के इसी सप्ताह में एस्टीमेट तैयार किए जाएं और शीघ्र इन पर काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि पहले गलियों का मजबूत बेस तैयार किया जाए और उसके बाद इस पर 80 एम.एम. की इंटरलॉकिंग टाईलें लगाई जाए, ताकि मजबूत गली का निर्माण हो सके। यह कार्य बरसात के मौसम से पहले-पहले पूरा हो जाएं, ताकि लोगों को सुविधा मिले और सरकार में उनका विश्वास और अधिक मजबूत बने।
इसके पश्चात मेयर ने शिव कॉलोनी स्थित रजवाहा रोड़ पर निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास का कार्य देखा। मेयर ने निर्देश दिए कि रेलवे इंजीनियरों से सम्पर्क कर अंडरपास का कार्य तेजी से करवाया जाए, ताकि लोगों की बरसों पुरानी मांग को पूरा किया जा सके। वहां मौजूद नागरिकों ने मेयर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आपकी सकारात्मक सोच के कारण ही यह विकास के कार्य हो रहे हैं।
इसके पश्चात महापौर ने हकीकत नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा वहां के नागरिकों की समस्याएं जानी। वहां मौजूद पार्षद और नागरिकों ने मेयर से आग्रह किया कि इस क्षेत्र में पीने के पानी का ट्यूबवैल नही है, जिससे हमे काफी परेशानी होती है। महापौर ने नागरिकों की दिक्कत को स्वीकार करते हुए तुरंत एक्शन लिया और इंजीनियरों को निर्देश दिए कि यहां के निवासी पीने के पानी को लेकर परेशान है, जल्दी से जल्दी नलकूप के लिए सही जगह चिन्हित करें, ताकि लोगों की समस्या का हल हो सके। नलकूप लगने से यहां रह रहे करीब 600 घरों और इसके आस-पास के क्षेत्र को लाभ मिलेगा और उन्हें पीने का स्वच्छ जल मिल सकेगा। मेयर ने नागरिकों को अवगत कराया कि अमरूम के तहत यहां पर सीवरेज डलने का कार्य पूरा हो गया है, अब यहां पीने की पानी की स्पलाई दी जाएगी। यह सब कार्य होने के तुरंत बाद गलियां बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे आप विकास के भागीदारी बन सकेंगे।
आज के दौरे में कार्यकारी अभियंता सतीश शर्मा, सहायक अभियंता सतीश कुमार मित्तल, कनिष्ठ अभियंता रामचन्द्र डाबरा, सोमदत्त शर्मा, मनोज शर्मा, आदित्य सारसर, जगरोशन, विरेन्द्र कुमार तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India