करनाल 16 सितम्बर: महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सोमवार को वार्ड 19 की वाल्मिकी बस्ती, राम नगर क्षेत्र में बनने वाले एक बड़े पार्क के निर्माण कार्य का समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद भगवान दास अग्घी के हाथों नारियल तोडक़र शुभारम्भ करवाया। इसके निर्माण पर अनुमानित 88 लाख 50 हजार रूपये की लागत आएगी। उनके साथ वार्ड पार्षद राजेश कुमार अग्घी भी मौजूद रहे।
मेयर रेणु बाला गुप्ता ने बताया कि इस क्षेत्र के निवासियों की यह पुरानी मांग थी, जिसे आज पूरा करते हुए यहां एक विशाल पार्क विकसित होने जा रहा है। इसका कुल क्षेत्र लगभग 6844 वर्ग गज है और इसके बनने में लगभग 4 महीने का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि पहले यह स्थान गंदगी से भरा रहता था, परंतु अब इस जगह का सदुपयोग कर यहां सुंदर पार्क बनाया जा रहा है। इसके बनने से राम नगर क्षेत्र के करीब 5000 लोगों को फायदा पहुंचेगा। यहां के निवासियों को सुंदर व स्वच्छ वातावरण मुहैया होगा और वे एक साफ-सुंदर जगह पर रह सकेंगे।
महापौर ने मौके पर उपस्थित निवासियों को बताया कि यहां एक विशाल व भव्य पार्क बनने जा रहा है। इसमें काफी मात्रा में पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, ताकि स्वच्छ वातावरण मिल सके। बच्चों के खेलने के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए जाएंगे, ताकि बच्चे भरपूर मनोरंजन कर सकें। पार्क में ओपन एयर जिम भी लगाया जाएगा, जिससे यहां के नागरिक रोजाना व्यायाम कर सकेंगे और शरीर को स्वस्थ रख सकेंगे। नागरिकों के घूमने के लिए पार्क में सुंदर घास लगाई जाएगी। रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय पार्क जगमगा उठेगा। मेयर ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों को निर्देश दिए कि पार्क का निर्माण समय पर हो, ताकि नागरिकों को जल्दी से इसका लाभ मिल सके।
महापौर ने अपने सम्बोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में करनाल शहर को एक नई दिशा मिली है। नागरिकों की मांग अनुसार करोड़ो रूपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज तक किसी सरकार ने इस क्षेत्र की सुध नही ली, लेकिन अब ऐसा नहीं है। वर्तमान सरकार ने पूरे प्रदेश में एक समान विकास करवाया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की सोच है कि नागरिकों को उनकी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ पार्कों जैसी सुविधा भी मिलनी चाहिए, ताकि उनका जीवन स्तर ऊंचा उठ सके।
Post Now India Post Now India