करनाल। भारतीय संस्कृति और परंपरा में मातृभूमि और मां का दर्जा स्वर्ग से भी ऊंचा माना गया है। अपनी मातृभूमि के लिए भगवान श्री राम ने युद्ध में जीती हुई सोने की लंका का राज अस्वीकार कर अयोध्या लौटना मंजूर किया था।देश के शिक्षकों का दायित्व है कि वह भारत की नई पीढ़ी के भीतर मातृभूमि के प्रति प्रेम और सम्मान का यही संस्कार कूट कूट कर भरें।हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष और भाजपा नेता प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह चौहान ने यह टिप्पणी स्थानीय ऋषि वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित टेंडर बड़्स प्ले स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में की।
प्रो. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ‘भारत माता की जय’ केवल एक जयघोष नहीं बल्कि देशभक्तों के जीवन जीने की एक शैली का नाम है जहां कोई भी ऐसा काम करना या होने देना हमें मंजूर नहीं जिसके कारण भारत माता का मस्तक झुकने की नौबत आए। प्रों चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में जहां विश्व भर में भारत की पहचान और मान में जोरदार इजाफा हुआ है वहीं हाल ही में देश की सशस्त्र सेनाओं ने देश के दुश्मनों पर उनके घर में घुसकर प्रहार करते हुए आम हिंदुस्तानी का मस्तक ऊंचा किया है। चौहान ने इस अवसर पर पुलवामा के आतंकी हमले में शहीद हुए देश के योद्धाओं को स्मरण किया और कहा की सरहद पर प्रतिपल अपने प्राणों को जोखिम मे डालने वाले सुरक्षाबलों के भरोसे ही देश तरक्की कर पा रहा है और हम सब के व्यक्तिगत जीवन में खुशियां बरकरार हैं। चौहान ने कहा कि भारत में नन्हे नन्हे बच्चों ने भी बलिदान के मामले में हमेशा ऊंचे प्रतिमान स्थापित किए हैं। इस संदर्भ में उन्होंने वीर हकीकत राय, गुरु गोविंद सिंह के चार बलिदानी पुत्रों से लेकर शहीद खुदीराम बोस तक असंख्य बलिदानों का हवाला दिया और नई पीढ़ी को उनकी बलिदानी दास्तान के साथ जोड़ने का कार्य प्रभावी ढंग से करने के लिए विद्यालय के संचालकों का आवाहन किया।
कार्यक्रम के आरम्भ में विशिष्ट अतिथि ए. डी. जे. डॉ. आर. के. डोगरा ने दीप प्रज्वलित किया तत्पश्चात ऋषि वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. स्वर्गीय जे. सी. ऋषि को ट्रस्ट के सदस्यों ओम प्रकाश , संजीव वाधवा , श्रीमती कमलेश आदि ने माल्यार्पण किया ।कार्यक्रम का शुभारम्भ गणेश वंदना से किया गया नन्हे बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति गीतों , चंदा ने पूछा तारों से इत्यादि गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किये ।विशिष्ट अतिथि डॉ. आर. के. डोगरा श्री राजीव मल्होत्रा के गीतों ने भी दर्शकों को मंत्र मुग्ध किया ।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या श्रीमती ज्योति बत्रा ने सभी आगंतुकों , अभिभावकों , बच्चों व स्टाफ को धन्यवाद प्रेषित किया और कहा कि विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी के रूप में देश की नई पीढ़ी को गुणवान बनाने का बीड़ा जो भगवान ने ऋषि वेलफेयर ट्रस्ट को सौंपा है उसमें ये कभी कोई कमी नहीं छोड़ेगा।
इस अवसर पर युवा उद्यमी मनीष मल्होत्रा व इन्द्रजीत आहूजा भी उपस्थित थे ।
Post Now India Post Now India