कैथल, 10 सितंबर: वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत लाभ पात्रों के फॉर्म भरने के कार्य में तेजी लाकर पूर्ण किया जाए, ताकि इस महत्वकांक्षी योजना का लाभ सभी लाभार्थियों को मिले। सभी जिलों के बीपीएल परिवारों को फॉर्म भरने के लिए 12 व 13 सितंबर को सभी खंडों, नगर परिषद तथा नगर पालिका कार्यालयों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं और सभी लाभार्थियों के फार्म सावधानी से भरे जाएं।
अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों के मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के फॉर्म संबंधित जिला में भिजवाए जा चुके हैं। दो दिन विशेष कैंप आयोजित करके बीपीएल परिवारों के फॉर्म भरे जाएं, सभी लाभार्थी इन कैंपों में पास बुक की कॉपी व सभी परिवार के सदस्यों को लेकर आएं, ताकि उनके फार्म पूरी तरह से भरे जा सकें। प्रदेश के बीपीएल परिवारों के परिवार पहचान पत्र बनाए जा चुके हैं तथा पात्र व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। इस कार्य को पूरी सावधानी से किया जाना सुनिश्चित करें।
वीडियो कांफ्रैंसिंग के बाद सभी संबंधित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों, नगर परिषद तथा नगर पालिका के अधिकारियों को फॉर्म भरने के कार्य का प्रशिक्षण भी दिया गया। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना निम्र आय वर्ग के परिवारों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। इस योजना से ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार सालाना तक तथा मालिकाना भूमि 2 हैक्टेयर तक है, इन सभी को 6 हजार रुपए वार्षिक आर्थिक सहायता मिलेगी। इस राशि से लाभार्थी के परिवारों के सदस्यों के बीमा और पैंशन का प्रीमियम सरकार की ओर से वहन किया जाएगा, शेष राशि लाभार्थी के खाते में जमा रहेगी। मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना से केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा पैंशन योजना के तहत प्रधानमंत्री किसान मान धन योजना, प्रधानमंत्री श्रम मान धन योजना का लाभ मिलेगा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 12 व 13 सितंबर को विशेष कैंप के माध्यम से बीपीएल परिवारों के मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के फॉर्म भरे जाएं, इस कार्य को पूरी सावधानी से संपन्न करना है। लाभार्थी परिवार की सभी सदस्यों की जानकारी को भरा जाना है। संपूर्ण विवरण को ठीक प्रकार से भरा जाए, ताकि लाभार्थी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की परेशानी नही हो और उन्हें योजना का लाभ मिले। इस मौके पर डीआईओ दीपक खुराना, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित चौधरी, कंचन लता, सुरेंद्र कुमार, राजकुमार चांदना, नगर परिषद सचिव नरेंद्र कुमार, नपा सचिव सुशील कुमार के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India