करनाल 11 सितम्बर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल 12 सितम्बर को घरौंडा, इंद्री, नीलोखेड़ी, असंध व करनाल विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को करेंगे जनता को सुपुर्द। स्थानीय विधायक ने बताया कि विधायकों व ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने विकास कार्यों की सौगात के लिए जताया मुख्यमंत्री का आभार।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल से 12 सितम्बर को करीब 585 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे जिनमें घरौंडा विधानसभा क्षेत्र की करीब 130 करोड़ रुपये की परियोजनाएं, असंध की करीब 26 करोड़ 18 लाख रुपये की परियोजनाएं, नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र की करीब 59 करोड़ 5 लाख रुपये की परियोजनाएं, इंद्री विधानसभा क्षेत्र की करीब 22 करोड़ 66 लाख रुपये की परियोजनाएं, करनाल विधानसभा क्षेत्र की करीब 347 करोड़ 12 लाख रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।
बॉक्स: किसानों के लिए शुगरमिल का विस्तारीकरण मुख्यमंत्री का बड़ा उपहार, करनाल-मेरठ रोड के विस्तारीकरण से घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधा – हरविन्द्र कल्याण
घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के किसानों के लिए शुगरमिल के विस्तारीकरण व नवीनीकरण की बड़ी सौगात दी है। यह किसानों की कईं वर्षों पुरानी मांग थी जिसको मुख्यमंत्री 12 सितम्बर को भूमि पूजन करके कार्य की शुरूआत कर रहे हैं। इस शुगरमिल से घरौंडा के किसानों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। इस मिल में घरौंडा के करीब 80 प्रतिशत किसान अपना गन्ना लेकर आते हैं। वहीं उन्होंने कहा कि करनाल-मेरठ रोड (यूपी बॉर्डर तक) सडक़ का विस्तारीकरण किया जाएगा। इस विस्तारीकरण पर करीब 12.500 किमी घरौंडा विधानसभा का क्षेत्र आता है, यह भी घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री 12 सितम्बर को घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 130 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे।
बॉक्स: करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाकर मुख्यमंत्री ने असंध की बदली तस्वीर – स. बख्शीश सिंह
असंध के विधायक स. बख्शीश सिंह विर्क ने बताया कि 12 सितम्बर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल असंध विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 26 करोड़ 18 लाख रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की सौगात देकर असंध की तस्वीर बदलने का काम किया है।
बॉक्स: मुख्यमंत्री 12 सितम्बर को देंगे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात – भगवानदास कबीरपंथी
नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 12 सितम्बर को करनाल से नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 59 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए हैं। इन विकास कार्यों के लिए वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार प्रकट करते हैं।
बॉक्स: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करवाया प्रदेश में समान विकास, किए नए आयाम स्थापित – मंत्री कर्णदेव काम्बोज
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिछले पांच साल में हर विधानसभा क्षेत्र में समान विकास करवाए हैं। मुख्यमंत्री ने इंद्री विधानसभा क्षेत्र में ऐसी सडक़ों का निर्माण व नवीनीकरण करवाया जोकि पिछले कईं वर्षों से विकास की राह जोट रही थी। इंद्री विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की सौगात देकर मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
बॉक्स: मुख्यमंत्री ने पांच साल में विकास कार्य करवाकर करनाल की बदली तस्वीर – ओएसडी अमरेन्द्र सिंह
मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल विधानसभा क्षेत्र की जनता को पिछले पांच वर्षों में करोड़ों रुपये की सौगात दी हैं। पांच साल पहले के करनाल में और आज के करनाल में भारी अंतर हुआ है, यह सब मुख्यमंत्री मनोहर लाल की विकास नीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि करनाल में बाहर से आने वाले रास्तों को चौड़ा करके उनका सौंदर्यीकरण किया गया है, करनाल में सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने बताया कि करनाल के किसानों की वर्षों पुरानी मांग करनाल शुगरमिल के विस्तारीकरण व नवीनीकरण करने का कार्य को मंजूरी दी गई है। इस पर करीब 263 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसका मुख्यमंत्री 12 सितम्बर को शुगरमिल परिसर से भूमि करके शुरूआत करेंगे। इसके अतिरिक्त 12 सितम्बर को ही मुख्यमंत्री करीब 84 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। उन्होंने करनाल की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।
Post Now India Post Now India