कैथल, 25 फरवरी: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की चुनाव आयोग द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। यह आम चुनाव देश वासियों के लिए दीपावली के त्योहार के समान है तथा इस चुनाव में कई नई शुरुआत होंगी, जिनमें वीवीपैट के प्रयोग के साथ-साथ चुनाव आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया को ज्यादा विश्वसनीय बनाने हेतू कई एप भी शुरु की गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा लोगों को चुनाव प्रक्रिया में सक्रीय भागीदारी हेतू प्रोत्साहित करने के लिए स्कूल व मतदान केंद्र स्तर पर चुनाव पाठशालाएं आयोजित की जाएंगी।
डॉ. प्रियंका सोनी स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर सिंह कुंडु, नगराधीश विजेंद्र हुड्डा, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ मासिक प्रेस वार्ता में प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने जिला कैथल की प्रेस को कर्मठ व लोकतंत्र कावास्तविक चौथ स्तंभ बताते हुए उन्हें जिला प्रशासन की आंख व कान की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि प्रेस प्रतिनिधियों द्वारा आम जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाया जा रहा है तथा इन समस्याओं का जिला प्रशासन द्वारा यथा संभव निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता को बढाने के लिए प्रथम बार आम चुनाव में इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन को वीवीपैट अर्थात वोटर वैरीफिएबल पेपर आडिट ट्रेल से युक्त कर दिया गया है। यह एक स्वतंत्र प्रिंटर प्रणाली है, जिसे इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन से जुड़ने पर मतदाताओं को अपना मतदान बिल्कुल सही होने की पुष्टि करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि मतदाता को वोट डालने के बाद वीवीपैट से कोई पर्ची नही मिलती। कोई भी मतदाता वीवीपैट पर्ची को छू नही सकता है, हालांकि मतदाता को एक पारदर्शी स्क्रीन के पीछे पर्ची 7 सैकेंड तक दिखती रहती है और आखिर में यह पर्ची वीवीपैट के मुहर बंद डिब्बे में चली जाती है। कोई भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके वीवीपैट अर्थात वोटर वैरीफियेबल पेपर ऑडिट ट्रेल पर उस द्वारा डाले गए मत को 7 सैंकड तक देख सकता है। इससे मतदाता को यह प्रमाण मिलेगा कि उस द्वारा डाला गया मत संबंधित उम्मीदवार के पक्ष में गया है। किसी संदेह की स्थिति में इन पर्चियों की मतगणना भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा लोगों को इसकी कार्य प्रणाली से अवगत करवाने के लिए लघु सचिवालय में भी एक मशीन रखी गई है। इसके अतिरिक्त चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मोबाईल वैन से भी गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का मतदान प्रतिशत को बढाने पर पूरा बल रहेगा तथा लोगों को मतदान प्रक्रिया में शामिल करने के लिए स्वीप गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिसके तहत हर विद्यालय व मतदान केंद्र स्तर पर चुनाव पाठशालाएं आयोजित की जाएंगी। सर्विस मतदाताओं के मताधिकार हेतू इलैक्ट्रोनिक तरीके से पोस्टल बैलेट भेजे जाएंगे तथा यह बैलेट भेजते समय बार कोडिंग भी की जाएगी ताकि वापिस प्राप्त होने वाले पोस्टल बैलेटों में किसी प्रकार की अनियमतता न हो। प्रथम बार आयोग द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए सी विजिल एप शुरु की गई है, जिसके माध्यम से नागरिक चुनाव के संदर्भ में अपने सुझाव व शिकायतें भेज सकेंगे तथा 100 मिनट के निर्धारित समय में शिकायतों का निपटारा करना होगा। इसका वर्तमान में ट्रायल किया जा रहा है तथा नागरिक की जीपीएस लोकेशन भी इस पर दर्ज होगी। इसके अलावा राजनीतिक पार्टियों की सुविधा के लिए आयोग द्वारा सुविधा एप भी शुरू किया गया है, जिसके तहत वे चुनाव रैली व अन्य संबंधित स्वीकृतियां प्राप्त कर सकेंगे।
डॉ. प्रियंका सोनी ने जिला वासियों का आह्वान किया कि वे आयोग द्वारा गत 31 जनवरी 2019 को जारी की गई फोटोयुक्त मतदाता सूचियों में अपना विवरण चैक करें और यदि इस विवरण में किसी प्रकार त्रुटि पाई जाए तो तुरंत इसे ठीक करवाने बारे आवेदन करें। केवल फोटोयुक्त पहचान पत्र होने से किसी भी व्यक्ति को मतदान का अधिकार नहीं मिलता है। मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से ही मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। चुनाव विभाग द्वारा जिला स्तर पर टोल फ्री सुविधा 1950 शुरू की गई है, जिस पर कोई भी नागरिक चुनाव से संबंधित जानकारी ले सकता है तथा सुझाव भी दे सकता है। जिला प्रशासन का यह प्रयास होगा कि दिव्यांग मतदाताओं को प्रथम बार मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर, रैम्प सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। गत दिनों जिला में 25 हजार नए वोट बनाए गए हैं तथा गत 23 व 24 फरवरी को भी विशेष अभियान चलाकर नए वोट बनाने व शुद्घिकरण हेतू आवेदन प्राप्त किए गए हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे शहर में सीवर की तुरंत सफाई करवाएं ताकि गंदे पानी की निकासी को सुचारू किया जा सके। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की सुविधा के लिए यह सुनिश्चित करें कि पीने के पानी की सप्लाई सुबह 4 बजे शुरू करें तथा यह भी सुनिश्चित करें कि सभी नागरिकों को पर्याप्त शुद्घ पेयजल उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि वे जिला नागरिक अस्पताल एवं बस स्टेंड पार्किंग पर लोगों को हो रही असुविधाओं के बारे में आवश्यक कार्रवाई करेंगी। उन्होंने नागरिक अस्पताल के सीवर कनैक्शन के बारे में भी आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि वे विभागों के बेहतर तालमेल हेतू संबंधित विभागों की बैठक लेकर उन्हें दिशा निर्देश देंगी। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वच्छ मैप पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मुरम्मत करवाई जाएगी।
पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम द्वारा जिला में अपराध व नशे को पूरी तरह समाप्त करने के लिए कठोर कदम उठाए हैं। गत अढाई महीने के दौरान विभिन्न मामलों में पुलिस द्वारा 86 लाख रुपये से अधिक की धनराशि रिकवर की है। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को शीघ्र ही दुरस्त किया जाएगा। उन्होंने शहर में चोरी की बढती घटनाओं के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि पुलिस द्वारा इन मामलों में छानबीन की जा रही है तथा कुछ मामलों में संलिप्त व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया है।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता देवीलाल ने कहा कि विभाग द्वारा शरह में 12 बूस्टिंग स्टेशनों व दो जलघरों के माध्यम से पीने का पानी सप्लाई किया जा रहा है। विभाग द्वारा शहर में 10-10 एमएलडी क्षमता के तीन मल शोधन सयंत्र स्थापित किए गए हैं। गत माह विभाग द्वारा पीने के पानी के 511 सैंपल चैक करवाए, जिनमें से 474सैंपल पास हुए। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता कुलदीप चंद व राजकुमार ने संयुक्त रूप से विभाग द्वारा करवाए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कैथल में 50 किलोमीटर की नई 18 सड़कें मंजूर हुई हैं, जिनके टेंडर किए जा रहे हैं। ढांड सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। टीक रेलवे फाटक पर रेलवे ऊपरगामी पुल का निर्माण किया जाएगा। स्थानीय करनाल व ढांड रोड़ को जोड़ने वाली हुड्डा की क्षतिग्रस्त सड़क की मुरम्मत के लिए 70 लाख रुपये का टेंडर किया गया है। कैथल से चीका रोड सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से तथा चीका से पटियाला सड़क पर 3 करोड़ 40लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता भूपेंद्र ने कहा कि विभाग द्वारा भागल, जड़ौला, सोंगल व बड़सीकरी में नए 33केवी सब स्टेशन शुरू किए हैं। उन्होंने कहा कि जिला में म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत कुल 132 ग्रामीण फीडरों में 9 फीडरों पर 13 गांवों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा अन्य 10 फीडरों पर 17 गांवों में 14 से 18घटों तक बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल निपटान योजना के तहत लगभग 80 प्रतिशत बकाया बिल उपभोक्ताओं ने अपने बिल का निपटारा करवाया है। जिला में 94 हजार 798 बकाया बिल उपभोक्ताओं पर423 करोड़ रुपये बकाया थे। इस योजना के तहत 73 हजार 729 उपभोक्ताओं ने लगभग 19 करोड़ रुपये की राशि जमा करवाकर अपने बिलों का निपटान करवाया है तथा इन उपभोक्ताओं की 187 करोड़ 81 लाख रुपये की बकाया धनराशि को योजना के प्रावधान अनुसार माफ कर दिया गया है। अब यह योजना बंद हो चुकी है।
सिविल सर्जन डा. एसके नैन ने कहा कि जिला में 79 हजार 121 परिवारों की आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के रूप में पहचान की गई है। इन परिवारों में लगभग साढे 3 लाख सदस्यों को योजना का लाभ मिलेगा। जिला नागरिक अस्पताल के साथ-साथ सिग्नस अस्पताल, शाह अस्पताल एवं गणपति अस्पताल को भी पैनल में शामिल किया गया है। अभी तक जिला में योजना के तहत 210 लाभार्थियों को 23 लाख रुपये का ईलाज मुहैया करवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया व डेंगू पर काबू पाने के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं, जिनके परिणामस्वरूप इनके मामलों में कमी दर्ज की गई है। जिला का लिंगानुपात बढकर 916 हो गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर वैकल्पिक प्रबंध किए गए हैं। इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता रवि शंकर मित्तल, उप सिविल सर्जन डॉ. नीलम कक्कड़, डॉ. संजय जैन, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार, कार्यकारी अधिकारी प्रशांत कुमार,वीके गुप्ता, एमई राजकुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India