कैथल 24 अगस्त: वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन प्रसाद ने वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्मय से निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में सभी व्यक्तियों के परिवार पहचान पत्र बनाए जाएं। कॉमन सर्विस सैंटर, ई-दिशा केंद्र, अंत्योदय केंद्र तथा गैस एजैंसियों के माध्यम से आवेदन लिए जाएं। सभी जिला उपायुक्त इस कार्य को जल्द पूरा करवाएं। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, उपमंडलाधीश जगदीप सिंह भी मौजूद रहे।
एसीएस ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है, ताकि लाभार्थी को ही योजना का लाभ मिले। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार जल्द ही सुरक्षित परिवार एवं सशक्त परिवार के उद्देश्य के मद्देनजर मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना भी लागू की जाएगी। इस योजना के तहत सरकार द्वारा प्रत्येक गरीब परिवार को 500 रुपए प्रति मास तथा अधिकत्तम सालाना 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपए से कम है और दो हैक्टेयर से कम भूमि है, उनको शामिल किया जाएगा। योजना के तहत लाभार्थी के प्रधानमंत्री श्रम दान योजना, लघु व्यापार योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रीमियम का भुगतान किया जा सकता है। शेष बची राशि एफपीएफ में जमा रहेगी, जिन्हें लाभार्थी तय समयानुसार निकाल सकता है।
उन्होंने कहा कि मेरा परिवार-मेरी पहचान पोर्टल पर संबंधित व्यक्ति जानकारी ले सकता है। यह पूर्णत: सुरक्षित है। संबंधित व्यक्ति के मोबाईल पर आने वाले ओटीपी को दर्ज करना होगा, तभी वह जानकारी देख सकता है। इस व्यवस्था से अन्य कोई व्यक्ति किसी दूसरे की जानकारी नही देख सकता। कॉमन सर्विस सैंटरों में पहचान पत्र बनवाने के लिए प्रार्थी को कोई शुल्क नही देना है, बल्कि उसके शुल्क का वहन सरकार द्वारा किया जाएगा। भविष्य में परिवार पहचान पत्र में शुद्धिकरण व अन्य कार्यों के लिए अलग से स्थान चयनित करके स्टाफ नियुक्त किया जाएगा, ताकि यह कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। यह योजना बड़ी ही महत्वकांक्षी है। सभी को इस योजना से जुडऩा चाहिए।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिला में परिवार पहचान पत्र का कार्य तेजी से किया जा रहा है। लगभग 3500 फार्म अपडेट किए जा चुके हैं। सभी कॉमन सर्विस सैंटर, अंत्योदय सरल केंद्र, ई-दिशा केंद्र में कार्य करने वाले को प्रशिक्षित किया जा चुका है। सभी संबंधित उपमंडलाधीश अपने-अपने उपमंडलों पर इस कार्य को पूर्ण करने में लगे हुए हैं। जिला में बने नए बीपीएल कार्ड धारकों के भी परिवार पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं, ताकि सभी मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना से जुड़कर लाभान्वित हो सके।
इस अवसर पर एसडीएम जगदीप सिंह, जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह, डीआईओ दीपक खुराना, जिला कल्याण अधिकारी सीमा देवी, जिला सांख्यिकी अधिकारी विजेंद्र, योजना अधिकारी निसाफ राठी, वसीम अहमद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बाक्स: सभी पैंशनर्स बनवाएं परिवार पहचान पत्र
जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह ने कहा कि जिला के सभी पैंशनर्स भोगी अपने परिवार की विस्तृत जानकारी लेकर लघु सचिवालय स्थित खजाना कार्यालय में परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए आवेदन करें। सभी पैंशन भोगी 26 अगस्त तक अपने-अपने फार्म पूर्ण विवरण सहित कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें। इस कार्य के लिए खजाना कार्यालय खुला रहेगा। पैंशन भोगी दूरभाष नंबर-98968-50173 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Post Now India Post Now India