करनाल 09 जुलाई, हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनावों के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि वे 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र व्यक्तियों के वोट बनवाएं।
उन्होंने कहा कि कॉलेजों में विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया चल रही है, नए वोट बनाने का अच्छा अवसर है। इस दौरान जो विद्यार्थी पात्र हो गए हैं, उन्हें फार्म 6 उपलब्ध करवाकर उनकी वोट बनवाएं। उन्होंने कहा कि अभी भी युवा वर्ग में लेबर तबका और महिलाओं में बहुत से ऐसे पात्र हैं जिनकी वोट नहीं बनी है, उनके भी वोट बनवाएं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पिछले दिनों सम्पन्न हुए लोकसभा चुनावों में कुछ विशेषकर ग्रामीण व पढ़े-लिखे मतदाताओं को वोट करने के समय आई परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस बारे अभी से जागरूकता वाहन लगा दें जो गांव-गांव जाकर बैलेट यूनिट और वीवी पैट के बारे में जागरूक करेंगे। जागरूकता के लिए ही बैनर इत्यादि भी लगा सकते हैं। स्वीप एक्टिविटी के तहत किसी मौजिज व्यक्ति जो खिलाड़ी, कलाकार या अन्य किसी क्षेत्र में ख्याति प्राप्त व्यक्ति हो सकता है, को ब्रांड एम्बैसडर बनाकर उसे मीडिया से रूबरू करवाएं और उसके माध्यम से नए वोटरों को वोट बनवाने के लिए प्रेरित करवाएं।
उन्होंने बताया कि 11 जुलाई विश्व जनसंख्या दिवस है, इस दिन सभी उपायुक्त अपने-अपने जिला में वीवीआईपी यानि वोटर वैरिफिकेशन एंड इन्फोर्मेशन प्रोग्राम लांच करें। उनका कहना था कि वीवीआईपी के माध्यम से हैल्पलाईन नम्बर 1950 का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करें। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपनी वोट संबंधी जानकारी ले सकता है। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में दिव्यांग व्यक्तियों की संख्या के हिसाब से वोट प्रतिशतता कम है, उसे बढ़ाएं। इसके लिए सबसे आसान उपाय बैंक खातों में उनके घर के पते हैं, वहां से डिटेल ली जा सकती है। इसी प्रकार जो युवा अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग व रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन लेकर आते हैं उनसे बात कर उनके भी वोट बनवाएं। जनसंख्या मतदाता अनुपात बारे भी उन्होंने सभी उपायुक्तों से जानकारी ली और कहा कि जिन जिलों में ईपीआर कम है उसे बढ़ाएं।
बीते लोकसभा चुनाव के बाद जिला में नए वोट बनवाने के लिए कितने फार्म प्राप्त हुए इस बारे भी मुख्य चुनाव ने उपायुक्तों से जानकारी ली। करनाल के जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि बीते 23 अप्रैल के बाद करनाल जिला में नए वोट बनवाने के लिए 2568 फार्म प्राप्त हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नए वोटरों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सभी विधानसभा स्तर पर शिक्षण संस्थाओं, स्लम एरिया तथा विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव, एसडीएम करनाल नरेन्द्र पाल मलिक, एसडीएम असंध अनुराग ढालिया, डीआरओ श्याम लाल तथा तहसीलदार चुनाव सुनील भौरिया भी उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India