कुरुक्षेत्र. न्यायवैद्यक विज्ञान प्रयोगशाला की इकाई अपराध दृश्य दल कुरुक्षेत्र में नियुक्त विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार को उत्कृष्ट कार्यों के लिए ट्रॉफी से सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें हरियाणा न्यायवैद्यक विज्ञान प्रयोगशाला के निदेशक एवं रेवाड़ी मंडल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव आईपीएस के कर कमलों द्वारा प्रदान किया गया. हरियाणा न्यायवैद्यक विज्ञान प्रयोगशाला की मासिक गोष्ठी और कार्यों के मूल्यांकन के अंतर्गत प्रत्येक माह ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाओं का मूल्यांकन करके उन्हें प्रोत्साहित किया जाता है जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो. इस कड़ी में डॉ. अशोक कुमार वर्मा को उन द्वारा पिछले 20 वर्षों से विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया है. बता दें कि जहाँ एक और डॉ. अशोक कुमार अपने कर्तव्य को बहुत ही ईमानदारी और लग्न से पूरा करते हैं वही दूसरी और समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्पों में लगे हुए हैं. वे डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी के नाम से भी जाने जाते हैं क्योंकि उन्होंने रक्तदान के क्षेत्र में भी बहुत ही सराहनीय कार्य किये हैं और वे पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल की सवारी को प्रोत्साहित कर रहे हैं. जीवन के छोटे छोटे कार्य साइकिल की सवारी से स्वयं तो करते हैं और अन्य लोगो को भी प्रोत्साहित करते हैं. इसीलिए वे अधिकतर साइकिल से ही अपने जीवन के कार्य करते हैं.
Post Now India Post Now India