करनाल 20 जून: नगर निगम के मुख्य अभियंता रमन शर्मा ने इंजीनियर विंग से जुड़े अधिकारयों की मीटिंग ली और शहर में निगम द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों को तेजी से करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि अमरूत के तहत शहर में सीवरेज और बरसाती पानी के नालो का जो कार्य चल रहा है, उस काम में तेजी लाएं और उन्हें समय पर पूरा करें।
मुख्य अभियंता ने सहायक अभियंताओं को निर्देश दिए कि मानसून सीजन नजदीक है, इससे पहले-पहले नालों की सफाई मुकम्मल कर ली जाए, ताकि बारिश के पानी के कारण किसी भी क्षेत्र में जलभराव ना हो। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो कॉलोनियां अपरूव की गई थी और उनमें जल आपूर्ति की लाइने बिछाने का कार्य चल रहा है, उसमें भी तेजी लाएं, ताकि इन सभी कॉलोनियां में पीने के स्वच्छ जल की आपूर्ति की जा सके।
उन्होंने कहा कि शहर में जहां-जहां नई सीवरेज या केबल की लाईने बिछाने से गढ्ढे हो गए हैं, उनको प्राथमिकता पर लेकर भरने का काम किया जाए, ताकि उन गढ्ढों से कोई दुर्घटना ना हो। मुख्य अभियंता ने चेतावनी भी दी कि गढ्ढो से अगर कोई दुर्घटना होती है, तो सम्बंधित जे.ई. व ठेकेदार इसके लिए जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
मुख्य अभियंता ने सहायक अभियंता मनीष अग्रवाल को निर्देश दिए कि शहर के मुख्य मार्गों में लगी लाईटों और स्ट्रीट लाईटें जितनी भी खराब हैं, उन्हें तुरंत ठीक करवाया जाएं, ताकि रात्रि के समय लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत ना आए। बैठक में कार्यकारी अभियंता सतीष शर्मा व एल.सी. चौहान तथा सहायक अभियंता सुनील भल्ला, मनीष अग्रवाल, सतीश कुमार मित्तल व लख्मी चंद राघव उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India