करनाल 27 जून, जिला पुलिस करनाल की पहल पर जिला प्रशासन के सानिध्य में जुलाई-अगस्त माह में विद्यार्थी, नागरिक, संवाद के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने बताया कि पुलिस महानिदेशक मनोज यादव की प्रेरणा से पुलिस महानिरीक्षक योगेन्द्र नेहरा के दिशा-निर्देश में उपायुक्त विनय प्रताप सिंह के सहयोग से जिला पुलिस का समस्त रैंक नागरिक भागीदारी से नई पीढ़ी को जागृत करने के लिए ज्ञान के मंदिरों में अभियान चलाकर सुरक्षित करनाल, स्वस्थ करनाल की अवधारणा को साकार करेगी।
पुलिस महानिरीक्षक योगेन्द्र नेहरा ने वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कानून पढक़र ही नहीं कानून को व्यवहार में जीकर नई पीढ़ी बेहतर समाज बनाने का कार्य करेगी। सडक़ सुरक्षा सिर्फ नारा नहीं है, जीवन जीने का तरीका है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में एक सर्वे द्वारा पता चला है कि नशे की लत बढ़ती जा रही है जिसके मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में नागरिक संवाद आयोजित कर नशे के शिकार नागरिकों को नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस मौके पर उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि जिस प्रकार शैक्षणिक संस्थाओं में प्राचार्य और प्रबंधकों ने प्रत्येक विद्यार्थी के अभिभावकों से आवेदन के समय ही शपथ दिलाकर रैगिंग प्रथा को खत्म किया वैसे ही अब दाखिले के समय ही सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों परिसर में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी छात्र नशे की लत में न आए। इससे सामाजिक और नागरिक सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक मनुष्य के भीतर आत्मा के निर्माण का अभियंता है, ऐसे में हमें विश्वास है कि नई पीढ़ी को शिक्षक ही श्रेष्ठ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने विस्तार से बताया कि शैक्षणिक सत्र के आरंभ में पहले दिन ही सभी महाविद्यालयों में ओरिएंटिएशन कैंप के माध्यम से सडक़ सुरक्षा जीवन रक्षक, नशामुक्त समाज, दुर्गा शक्ति एप्प, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे विषयों से रूबरू करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में मीडिया संस्थान के वरिष्ठ पत्रकार, वैज्ञानिक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व नागरिक प्रशासन विषय विशेषज्ञ के रूप में शिरकत करेंगे। इस जागरूकता अभियान में नाटक, फिल्म, कला प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। करनाल में सभी गैर सरकारी संस्थाओं की सक्रिय हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी। सामुदायिक पुलिसिंग की अवधारणा को साकार करने के लिए समाज के हर वर्ग को इस अभियान का सहयात्री बनाया जाएगा। अभियान के समापन पर पुलिसकर्मी नागरिक संगठनों के साथ मिलकर मानव श्रृंखला आयोजित करेंगे। इस अभियान का थीम आजादी के रंग-जीवन के संग होगा।
इस अवसर पर डीएवी कॉलेज के प्राचार्य डा. आरपी सैनी, दयाल सिंह कॉलेज के प्राचार्य डा. चंद्रशेखर, पंडित चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सैक्टर 14 के प्राचार्य डा. रेखा शर्मा, राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डा. अनुराधा पुनिया ने संयुक्त रूप से कहा कि जो भी पुलिस अथवा प्रशासन द्वारा गतिविधियां चलाई जाएंगी उनमें हमारा पूर्ण सहयोग रहेगा।
Post Now India Post Now India