पूंडरी, 20 अगस्त ( ) हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा ने इसी कड़ी में 16वीं विधानसभा पूंडरी क्षेत्र में प्रवेश किया। हजारों लोगों की भीड़ ने गगन भेदी नारों के बीच भारत माता की जय, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद और एक बार फिर मनोहर सरकार का जयघोष करके मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के साथ विकास रथ में हरियाणा के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, सांसद नायब सिंह सैनी, करनाल के सांसद संजय भाटिया, पूंडरी के विधायक दिनेश कौशिक सहित जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूंडरी क्षेत्र के लोगों का इस यात्रा के स्वागत के लिए भारी संख्या में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया और उन्होंने कहा कि 5 साल का कार्यकाल जनता के समर्थन से पूरी लग्र व निष्ठा के साथ पूरा करने के बाद इस विकास रथ पर सवार होकर जनता से अगले 5 साल का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गत 18 अगस्त को जन आशीर्वाद यात्रा को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कालका से रवाना किया था और यह यात्रा 90 विधानसभा क्षेत्रों से होती हुई 8 सितंबर को रोहतक में संपन्न होगी, जहां भारत वर्ष के औजस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद हम सबको प्राप्त होगा। उन्होंने विशाल जनसभा में मौजूद समर्थकों का आह्वान किया कि वे 8 सितंबर को रोहतक में समाप्त अवसर पर होने वाली विशाल रैली में अवश्य पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में पहली बार भाजपा को हरियाणा की जनता ने प्रदेश का दायित्व सौंपा था, जब 47 विधायक भाजपा के विजयी हुई थे और 5 निर्दलीय विधायकों ने सरकार को समर्थन दे दिया था। इन विधायकों में आपके हलका विधायक दिनेश कौशिक भी शामिल थे, जिन्होंने पहले दिन ही साथ देने का निर्णय ले लिया था। मुख्यमंत्री ने जहां 5 साल की स्वर्णिम उपलब्धियों का उल्लेख किया, वहीं यह भी कहा कि पिछली सरकारों ने अपने और अपने निजी परिवारों का घर भरने के लिए ही काम किया, जिसके लिए वे किसी भी तरह का भ्रष्टाचार करने से भी नही चूके। उन्होंने गर्व से कहा कि मुझे भी मेरे परिवार की चिंता है, लेकिन मेरा परिवार हरियाणा प्रदेश के अढ़ाई करोड़ लोग है, जिनकी हर सुख सुविधा और समस्या का निदान करने का दायित्व आप सबके सहयोग से निभाया है। भाई-भतीजे की राजनीति से ऊपर उठकर हर जन मानस और हर वर्ग और समुदाय के लोगों को बराबर सम्मान देते हुए हरियाणा में भाजपा सरकार का विकास रथ निरंतर तेजी से आगे बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने पूंडरी क्षेत्र में पिछले 5 सालों में हुए अभूतपूर्व विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 5 वर्षों में पूंडरी हलका में 500 करोड़ रुपए से भी अधिक राशि के विकास कार्य हुए हैं, जिसमें सैंकड़ों काम वो भी हुए हैं, जो पिछले कई वर्षों से लंबित चलते आ रहे थे। उन्होंने कहा कि कैथल से करनाल तक सडक़ तंत्र की मजबूती का काम चरम पर है तथा 57 करोड़ रुपए की राशि से पाई गांव में सीवरेज व्यवस्था शुरू की गई है। इसके अलावा हाबड़ी गांव जहां से हॉकी के कई खिलाड़ी पैदा हुए, उस गांव में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की हॉकी अकादमी स्थापित की गई, जिससे हॉकी के खेल को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आसपास के खिलाड़ी भी इस अकादमी का फायदा उठाकर खेलों के क्षेत्र में अपना भविष्य उज्ज्वल कर पाएंगे। इसके अतिरिक्त फतेहपुर व अन्य स्थानों पर स्टेडियमों का निर्माण व धेरडू में बनाया गया नर्सिंग कॉलेज भी पूंडरी के समग्र विकास का सूचक है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व मुंदड़ी गांव में उपस्थित गण को विकास रथ से ही संबोधित करते हुए कहा कि पौराणिक गांव मुंदड़ी में लवकुश तीर्थ पर संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है और इसके लिए कक्षाएं भी प्रारंभ हो चुकी हैं, जो फिलहाल डॉ भीम राव अंबडेकर राजकीय महाविद्यालय जगदीशपुरा में चल रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष पौराणिक दृष्टिकोण से विश्व गुरू का स्थान रखता था। भारत की पौराणिक संस्कृति ने विश्व के कई देशों पर अपना प्रभाव छोड़ा है। संस्कृत विश्वविद्यालय न केवल युवक-युवतियों को देव वाणी संस्कृत से परिचित करवाएगा, बल्कि लुप्त हो रहे संस्कारों को जीवंत करने के लिए यह संस्कृत विश्वविद्यालय रामबाण सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि जिस तरह से लोकसभा चुनाव में हरियाणा की 10 की 10 सीटे प्रदेश की जनता ने भाजपा की झोली में डाली है, उसी तरह से सभी विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनावों में 75 से अधिक सीटें जितवाकर हरियाणा सरकार को आगामी 5 साल का लाईसैंस अवश्य देगी।
इसी कड़ी में जन आशीर्वाद यात्रा गांव फरल में पहुंची, जहां महर्षि फल्गु की स्थली फरल गांव के लोगों ने ह्दय से मुख्यमंंत्री का शानदार अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने अभिवादन से अभिभूत हो कहा कि खेतों में जाने वाले रास्तों को पक्का करने के अपने मिशन के दृष्टिगत 5 क्रम से कम वाले रास्ते भी अब पक्के किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 748 करोड़ रुपए खर्च करके प्रदेश भर में श्मशान घाट की चार दिवारी, शैड व पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही उज्ज्वला योजना के तहत सिलैंडर उपलब्ध करवाने की बात कही और सार्वजनिक तौर पर जनता से पूछा और उनके पूछने पर 5 लोगों ने बताया कि उनके पास गैस सिलैंडर नही है, इस पर मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि 48 घंटे में इन लोगों के सिलैंडर पहुंचना सुनिश्चित हों। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे प्रदेश में 8 लाख 50 हजार सिलैंडर उज्ज्वला योजना के तहत दिए गए हैं। उनका कहना था कि विश्व प्रसिद्ध फल्गु तीर्थ का जीर्णोद्धार चल रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहाकर अमित आर्य, ओएसडी अमरेंद्र सिंह सहित उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, पुलिस अधीक्षक विजेंद्र विज, नगराधीश विवेक चौधरी, भाजपा नेताओं में धर्मपाल शर्मा, कमलेश ढांडा, शंकुतला वजीर खेड़ा, अजीत चहल इत्यादि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India