करनाल 9 मार्च, हरियाणा में भूमि रिकॉर्ड के अद्यतन के लिए सूचना प्रोद्योगिकी के प्रयोग से राजस्व विभाग की वैब हैलरिस अपने आप में एक अनूठा कदम है। इस वैबसाईट पर प्रदेश के भूमि रिकॉर्ड जिसमें पंजीकरण, इंतकाल और जमाबंदी को ऑनलाईन करके आम आदमी की मदद के लिए विकसित किया गया है। इसमें दिए गए विभिन्न खानो में जमीन का रिकॉर्ड, उसके मालिक का नाम तथा उसके काश्तकार जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज हैं। खास बात यह है कि जमाबंदी के रिकॉर्ड को ऑनलाईन करने में सबसे पहला प्रयोग वर्ष 2016 में करनाल जिला की इन्द्री तहसील से शुरू किया गया था, जो अत्यंत सफल रहा और अब यह प्रोजेक्ट प्रदेश में जिला व तहसील स्तर पर शुरू हो गया है। करनाल जिला के लगभग सभी गांव की जमाबंदियों का डाटा वैब हैलरिस में दर्ज है।
जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल के अनुसार लघु सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय में सरल केन्द्र में अब नागरिको को पहले से बेहतर सुविधाएं मुहैया हो रही हैं। अब यहां 7 काउंटर हैं, जिनमें 3 रजिस्टे्रशन यानि रजिस्ट्री के लिए, 1 जमाबंदी की नकल लेने, 1 इंतकाल, 1 आडरहन (जिन जमीनो पर लोन लिया हो) तथा 1 सी.एम. विंडो या हैल्प डैस्क बनाया गया है। एक कार्य दिवस में सरल केन्द्र पर करीब 70 व्यक्ति अपनी रजिस्ट्री, नकल, इंतकाल व इंद्राज इत्यादि के लिए आते हैं। रजिस्ट्री उसी दिन हो जाती है, जबकि इंतकाल का समय हालांकि करीब 3 सप्ताह है, लेकिन कम समय में ही इंतकाल भी कर दिया जाता है और व्यक्ति विशेष सम्बंधित पटवारी से उसे प्राप्त कर सकता है।
इंतकाल के कार्य के लिए लोगो को पहले तहसील के चक्कर काटने पड़ते थे। किसी व्यक्ति की रजिस्ट्री गुम हो जाए, तो उसका नम्बर व डेट बताकर उसे ऑनलाईन निकलवाया जा सकता है। सुविधाओं के नाम पर सरल केन्द्र में पर्याप्त केबिन, रोशनी की व्यवस्था, एल.ई.डी. तथा जनता के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान यानि प्रतिक्षालय उपलब्ध करवाया गया है। किसका नम्बर कब आएगा, उसकी सूचना के लिए इसमें ध्वनि व्यवस्था भी की गई है। सरल केन्द्र में इस तरह की सुविधाओं से सरकार ने भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करके उसे समाप्त किया है और बिचौलियो के दिन भी अब लद गए हैं।
Post Now India Post Now India
