करनाल 27 दिसम्बर, नेशनल हाईवे तरावड़ी में वीरवार को सिक्खों के दसवें गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबजादों और माता गुजरी की याद में तरावड़ी नेशनल हाइवे पर साध संगत द्वारा लंगर का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्वच्छ भारत मिशन के वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने अपनी टीम के साथ करीब दो घंटे श्रमदान करके स्वच्छता का संदेश दिया और लंगर में सेवा भी की।
उन्होंने कहा कि हर धर्म में स्वच्छता को प्रमुख स्थान दिया गया है, यह भी समाज की एक सच्ची सेवा है ऐसे में हम सबको स्वच्छता को अपने व्यवहार में लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा की तरावड़ी क्षेत्र की साध संगत द्वारा हर साल साहिबजादों की याद में लंगर लगाया जाता है जो सबको मानवता का सन्देश देता है। उन्होंने कहा की लंगर व्यवस्था सिक्ख पंथ का एक प्रमुख नियम है जो पूरी तरह भेदभाव रहित है।
उन्होंने कहा की गुरु गोबिंद सिंह जी ने धर्म और अधर्म की लड़ाई में पूरे परिवार की बलिदान दिया है, लेकिन उन्होंने अधर्म स्वीकार नहीं किया। छोटे साहिब जादे फतेह सिंह व जोरावर सिंह को इस दिन सरहिद पंजाब में औरंगजेब ने दीवारों में जिंदा चिनवा दिया था, जिसे साका सरहिंद कहा जाता है। उन्होंने कहा कि गुरुओं ने सत्य की आवाज उठाकर मानवाधिकारों की रक्षा की थी। युद्ध के कौशल सिखाकर दबे कुचले जनमानस को शान से जीना सिखाया। सुभाष चंद्र ने बताया कि आज विश्वभर में सिखों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। दुनिया के कोने कोने में सिक्ख अपनी सेवाएं देकर संबंधित देशों की तरक्की में खासा योगदान दे रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन ने इस अवसर पर नगर पालिका तरावड़ी के अधिकारीयों को लंगर स्थल पर नियमित सफाई करने के निर्देश देते हुए आम जनता से भी अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने लंगर कमेटी का भी इस मानवीय सेवा के लिए धन्यवाद किया।
इस अवसर पर जसबीर सिंह, जगरूप सिंह, नवजोत सिंह, सन्नी, अंगद सिंह, सर्वजीत, नरेंद्र, हरदयाल सिंह, कर्मजीत, अमरजीत सिंह, कुलविंदर, जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य तेजिन्द्र बिड़लान, निरवैर सिंह, प्रधान शाम कपूर, शशि शर्मा, अंकित शर्मा, अशोक राणा, फूल कुमार, सोनू पंच, रवि शर्मा, सुनील कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India