कैथल, 19 जून: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम में योग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ-साथ शिविर के बाद स्टेडियम के हॉल में ही योग विषय पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। योग दिवस की पायलट रिहर्सल 20 जून को की जाएगी और इसके बाद योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह बुधवार को महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम कार्यक्रम स्थल का दौरा करने के दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन भव्य तरीके से होना चाहिए। इस कार्यक्रम के माध्यम से जन-जन को योग के महत्ता की जानकारी मिलेगी। सभी संबंधित अधिकारी तैयारियां समय रहते पूरी करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही नही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में योग साधकों के लिए 12 सैक्टर बनाए गए हैं। इन सैक्टरों में अधिकारियों व कर्मचारियों, स्कूली छात्र-छात्राएं, पतजंलि योग समिति के योग साधक, खेल विभाग, एनसीसी, एनएसएस कैडेटस, नेहरू युवा केंद्र, मीडिया तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के लिए योग करने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर योग विषय पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला की बाकि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भी योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें काफी संख्या में योग साधक एक साथ योगिक क्रियाएं करेंगे। गुहला में विधायक कुलवंत बाजीगर, पूंडरी में विधायक दिनेश कौशिक तथा कलायत में चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 20 जून को योग मैराथन में प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी, पुलिस विभाग, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थी, योग संस्थान, जन साधारण भाग लेंगे, जो अपने हाथों में योगा स्लोेगन के बैनर लेकर चलेंगे। मैराथन स्टेडियम के सामने से आरंभ होकर पेहवा चौक होते हुई संपन्न होगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की डियूटियां नियुक्त कर दी गई हैं। नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल, स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर एंबुलैंस व डाक्टरों की सुविधा तथा जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बच्चों को लाने व ले जाने की व्यवस्था परिवहन विभाग द्वारा की जाएगी। खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा योग साधकों को रिफ्रैशमेंट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने जन साधारण से आह्वान किया कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित शिविर में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी करना सुनिश्चित करें।
इस मौके पर नगराधीश प्रदीप अहलावत, तहसीलदार छोटू राम, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी पूनम वालिया, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक विरेंद्र कुमार, नगर परिषद के एसडीओ राजकुमार शर्मा के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India