करनाल 26 जुलाई, उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और आम जनता को एक ही छत के नीचे सभी जरूरी सुविधाएं मिले, इसके लिए अंत्योदय सरल केन्द्र जिला, उपमंडल व तहसील स्तर पर खोले जा रहे हैं। इन केन्द्रों पर करीब 425 से अधिक सेवाएं मिल रही हैं। अंत्योदय सरल केन्द्र की स्थापना से आम आदमी को एक बड़ी सौगात मिली है, अब आमजन को अलग-अलग कार्यालयों में चक्कर नहीं लगाने पड़ते और निर्धारित समयावधि में लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि जनता को सरकारी सेवाएं देने वाले विभिन्न विभागों द्वारा 236 योजनाओं के अंतर्गत 425 से अधिक सेवाएं इस समय सरल पोर्टल पर उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल पर मिलने वाली सेवाओं को सेवा का अधिकार कानून के तहत नोटिफाई किया गया है ताकि ये सेवाएं सरकार द्वारा निर्धारित समयावधि में लोगों को प्रदान की जा सके। आम आदमी अंत्योदय सरल केन्द्रों अथवा अपने घर से भी सेवाएं लेने के लिए आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सेवा अधिकार कानून अधिनियम को ध्यान में रखते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि आईटी के इस युग में अब यह जरूरी हो गया है कि हम अपने आप को अपडेट रखें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देश पर नागरिकों को सभी सेवाएं अब एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल रही है, हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य है। हरियाणा के उदाहरण से प्रेरित होकर 3 अन्य राज्यों, कर्नाटक, झारखंड व त्रिपुरा ने हरियाणा सरकार से इस मॉडल को अपने राज्यों में लागू करने में सहायता की मांग की है। सरल केन्द्र पूरी तरह से कैशलेस व पेपरलेस है। उन्होंने कहा कि सरल पोर्टल के बारे में सरकार द्वारा 1800-2000-023 हैल्प लाईन नम्बर भी जारी किया गया है, व्यक्ति इस नम्बर से जानकारी ले सकता है।
Post Now India Post Now India