कैथल 28 अगस्त: सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो के निर्देशानुसार आम जन को सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों के बारे में उनके घरद्वार पर जाकर देने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पूंडरी खंड के गांव सिकंदर खेड़ी में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आम जन को लोक गीतों व विकासात्मक गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों के बारे में जागरूक किया गया।
जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी कृष्ण कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीणों को जल शक्ति अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, मेरा परिवार-मेरी पहचान, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा आदि योजनाएं लागू करके सरकार ने हर वर्ग के हित के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जल्द ही मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना लागू की जाएगी, जिसके तहत लाभार्थी परिवार को 500 रुपए प्रति माह के हिसाब से 6 हजार रुपए वार्षिक मिलेंगे। इस योजना के तहत परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपए से कम और 2 हैक्टेयर से कम भूमि होनी चाहिए। सरकार द्वारा ग्रामीण आंचल के विकास के लिए विशेष योजनाएं बनाई गई, जिसके परिणाम स्वरूप पूरे हरियाणा के प्रत्येक गांव में विकास कार्यों को पूरा किया गया। हरियाणा में एक समान सर्वांगीण विकास किया गया है।
कार्यक्रम में लीडर भजन पार्टी बलबीर शर्मा ने म्हारी सबकी मददगार, राम की सौं म्हारी बीजेपी सरकार राम की सौं गीत के माध्यम से वर्तमान सरकार के जन हितैषी कार्यों के बारे में लोगों को बताया। लीडर भजन पार्टी जगदीश ने कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ गीत गाकर इस सामाजिक बुराई को जड़मूल से समाप्त करने का आह्वïान उपस्थित लोगों से किया। विभागीय कलाकार मनोज कुमार ने गौ संरक्षण तथा बलवान सिंह ने जल संरक्षण विषय पर प्रस्तुति देकर लोगों को जागरूक किया। इसी प्रकार जयपाल तथा राजेंद्र ने लोक कला व धार्मिक गीतों के माध्यम से जहां उपस्थित लोगों को अपनी शैली से परिचित करवाया, वहीं सरकार द्वारा किए गए अनेकों कार्यों के बारे में भी अवगत करवाया। इस अवसर पर धर्मवीर सिंह, मोलू राम, सूरजभान, कृष्ण कुमार, हरि सिंह, ईश्वर सिंह, रामफल, नरेंद्र सिंह, रवि, दलबीर सिंह, लाजपत सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India