करनाल 05 जुलाई: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केन्द्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला आम बजट हर वर्ग के लिए लाभकारी सिद्ध होगा तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी। इस बजट में वित्त मंत्री ने किसान, मजदूर, व्यापारी, दुकानदार, युवाओं और महिलाओं का विशेष ध्यान रखा है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से रूबरू हो रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान 6 जुलाई को राष्ट्रीय स्तर पर वाराणसी से शुरू होगा जिसकी शुरूआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे और हरियाणा में सदस्यता अभियान की शुरूआत 6 जुलाई को ही गुरुग्राम से मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज चौहान करेंगे। प्रदेश में यह अभियान 28 जुलाई तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि केन्द्र सरकार हर वर्ग के हितों की रक्षा के लिए वचनबद्ध है, जिसकी झलक आज पारित बजट में भी दिखाई दी है। उन्होंने कहा कि बजट से एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 17 फसलों के एमएसपी रेट बढ़ाकर किसानों को सीधा लाभ देने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री इस निर्णय से देश के करोड़ों किसान लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि आज के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2022 तक सभी को मकान देने की वचनबद्धता दोहराई है, इतना ही नहीं इसके लिए बजट में भी प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा हाऊसिंग लोन पर साढ़े तीन लाख रुपये तक के ब्याज में छूट मिलेगी। उन्होंने कहा कि 45 लाख रुपये तक का घर खरीदने पर डेढ़ लाख रुपये की छूट दी जाएगी तथा बजट में मध्यम वर्ग के लिए 5 लाख रुपये तक की आय को टैक्स मुक्त बनाया गया है।
यह रहे उपस्थित:
इस मौके पर ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, मेयर रेनू बाला गुप्ता, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र, जिला महामंत्री योगेन्द्र राणा, मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता, भाजपा नेता बृज गुप्ता, शमशेर नैन, रघुमल भट्ट, एडवाकेट कविन्द्र राणा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बॉक्स: यह देश ना मोदी, ना योगी और ना मनोहर का, यह देश हम सबका – सीएम मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सैक्टर 14 में स्थित कृष्णा मंदिर में आयोजित अर्बन मंडल की बैठक में कार्यकर्ताओं को कहा कि यह देश ना मोदी, ना योगी, ना मनोहर का, यह हम सबका है। हमें यह केवल समय के अनुसार सेवा करने का मौका मिला है, भाजपा का केवल एक ही उद्देश्य है देश बचे और राष्ट्र का नाम पूरी दुनिया में नाम हो। देश का हर नागरिक संस्कारवान हो। इसके लिए भाजपा के हर कार्यकर्ता को मर्यादा में रहकर कार्य करना होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को 6 जुलाई से सदस्यता अभियान में एकजुट होकर काम करना होगा और निर्धारित समय से पहले अपना लक्ष्य भी पूरा करना होगा।
बॉक्स: कार्यकर्ता दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं का करें सम्मान, अधिक से अधिक की पार्टी में करवाएं सदस्यता – सीएम मनोहर लाल
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि भाजपा में कार्यकर्ता आ रहे हैं, दूसरी पार्टी से आने वाले अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को पार्टी में जोड़ें, उन्हें पार्टी की नीति के बारे में जानकारी दें ताकि उनमें पार्टी की नीति प्रवेश हो सके। पार्टी कार्यकर्ता घबराएं नहीं, इसकी चिंता न करें कौन किसकी जगह लेगा, काम में विश्वास रखें, जो मिलेगा वो मेहनत और भाग्य से मिलेगा।
बॉक्स: प्रदेश में शुरू की जाएगी जन आर्शीवाद यात्रा – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 15 अगस्त के आसपास प्रदेश में जन आर्शीवाद यात्रा आरंभ होगी, यह यात्रा सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी, कार्यकर्ताओं द्वारा इसका अभिनंदन किया जाएगा, यात्रा के समापन पर एक बड़ी रैली विजय संकल्प रैली के नाम से आयोजित की जाएगी जिसमें राष्ट्रीय स्तर के नेता को बुलाया जाएगा।
बॉक्स: जीत के लिए कड़ी मेहनत की करें तैयारी – मुख्यमंत्री मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंडल अध्यक्षों व शक्ति प्रमुखों, पालकों को बधाई देते हुए कहा कि लोकसभा में 222 में से 221 पर विजय प्राप्त की है, इसी प्रकार आगे भी कड़ी मेहनत करें, एक बूथ जिस पर पार्टी को कम वोट मिली उस पर भी विजय प्राप्त करनी है, कभी भी कार्यकर्ता अपने अंदर यह वहम न पालें कि हम जीत रहे हैं, पर यह देखना है कि कितने मार्जन से जीतेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सोच रखने वाले पहले ही हार जाया करते हैं। कार्यकर्ताओं को केवल जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी है।
Post Now India Post Now India