कुरुक्षेत्र, 7 सितंबर। गांव की गलियों में खेल के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से शनिवार को गांव बारना में उमंग समाजसेवी संस्था तथा क्रीडा भारती के संयुक्त तत्वावधान में खेलगीरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांव की गलियों में छोटे-छोटे बच्चे जब हॉकी, स्केटिंग और कराटे के जौहर दिखाते हुए गुजरे तो गांव वासी आश्चर्यचकित रह गए। महिला और पुरुष बच्चों की खेलगीरी देखने के लिए घरों से बाहर निकल गए और ग्रामीणों ने खेलगीरी का जमकर लुत्फ उठाया। बच्चों द्वारा राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों का भी ग्रामीणों ने खूब आनंद उठाया।
अपनी किस्म की इस पहली खेलगीरी का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेडी ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र विकास बोडऱ् के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने की। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में ब्लॉक समिति के चेयरमैन देवीदयाल शर्मा, रामपाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा व बाबू राम तूषार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए गुरदयाल सुनहेड़ी ने कहा कि उमंग संस्था के प्रधान देवीलाल बारना ने क्रीडा भारती के सहयोग से जो खेलगीरी कार्यक्रम शुरु किया है यह अपने आप में एक अनुुठा कार्यक्रम है इससे बच्चों में खेल के प्रति रूचि बढ़ेगी। उन्होने कहा कि जिला परिषद की ओर से भी ग्रामीण बच्चों में खेलों के प्रति रूचि पैदा करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगें। हरियाणा सरकार खेलों को काफी बढ़ावा दे रही है। इसी उद्देश्य से गांव में व्यायामशाला स्थापित की गई हैं। अपने अध्यक्षीय भाषण में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदनमोहन छाबडा ने कहा कि उमंग संस्था और क्रीडा भारती के तत्वावधान में इस खेलगीरी कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हे काफी खशी हुई। उन्होने खेलों से जहां आपसी भाईचारा बढ़ता है, वहीं बच्चों में देशभक्ति की भावना पैदा होती है। छाबड़ा ने कहा कि विश्व के सबसे बडे सामाजिक संगठन की नींव खेलों पर ही रखी गई थी। आरएसएस की शाखा में एक घंटा प्रतिदिन शामिल होने वाले युवाओं के बल पर ही आज आरएसएस विश्व का सबसे बडा सामाजिक संगठन है। उन्होंने कहा कि उमंग और क्रीडा भारती ने बच्चों में खेलों के प्रति रूचि पैदा करने के लिए खेलगीरी कार्यक्रम आयोजित किया है इसमें कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड भी अपना सहयोग देगा। इस अवसर पर उमंग संस्था की ओर से कार्यक्रम के मुख्यातिथि गुरदयाल सुनहेडी, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, देवीदयाल शर्मा व अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। मंच का संचालन छात्रा रेनु ने किया।
उमंग संस्था के प्रधान देवीलाल बारना और क्रीडा भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष चौहान ने मुख्यातिथि तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन दोनो संस्थाओं के सहयोग से जिले के अन्य गांवों में भी किए जाएंगें। देवीलाल बारना ने कहा कि इस इलाके के बच्चों में खेलों के प्रति काफी रूचि है। शहीद सुरेंद्र कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चे प्रदेश स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने जाते हैं। उन्होने कहा कि खेलगीरी में सोम कॉन्वेंट गुरुकुल घराडसी, राजकीय विद्यालय बारना व अन्य विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। खेलगीरी कार्यक्रम शुरु होने से बच्चों का और अधिक मनोबल बढ़ेगा।
इस अवसर पर खिलाडियों की माताओं को मुख्यातिथि गुरदयाल सुनहेडी तथा मदनमोहन छाबड़ा ने जीजा बाई अवार्ड देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डा. हीरालाल शर्मा, जोगिंद्र सिंह, टेकचंद, नारायण दत्त शर्मा, सुरेंद्र, कर्मसिंह, महेंद्र पाल, मोहित, महेंद्र व सैंकडों की संख्या ग्रामीण मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India