करनाल 25 मार्च, हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने गुरू नानक देव जी के 550वें प्रकाश दिवस पर शहर के कल्पना चावला राजकीय मैडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित सेमिनार में बोलते हुए कहा कि समूची मानवता को रूहानियत का संदेश देने वाले गुरू नानक देव जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरियाणा में सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के माध्यम से वर्षभर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे तथा इसके तहत युवाओं को गुरू नानक देव जी की शिक्षा से रूबरू करने के लिए प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों व अन्य शिक्षण संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि समाज की युवा पीढ़ी उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि गुरू जी का संदेश मानवता की सेवा व शक्ति का संदेश है, इसे आम जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे ताकि इस संदेश को सुनकर समाज का हर व्यक्ति आनंदमीय हो सके।
मुख्य सचिव सोमवार को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित गुरू नानक देव जी के 550वें प्रकाश वर्ष के अवसर पर आयोजित उनके जीवन व दर्शन पर आयोजित सेमिनार में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। यह कार्यक्रम सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा द्वारा आयोजित किया गया था। इस सफल कार्यक्रम के लिए सबसे पहले उन्होंने सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी और आए हुए सभी वक्ताओं द्वारा दी गई गुरू नानक देव जी के जीवन एवं दर्शन की जानकारी देने के लिए उनका आभार प्रकट किया और कहा कि आज से सैकड़ों वर्ष पहले गुरू जी ने नाम जपो, किरत करो तथा वंड छको का जो संदेश दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है अर्थात उन्होंने प्रभु का नाम जपने, मेहनत व ईमानदारी से कमाई करने तथा बांटकर खाने पर जोर दिया था। गुरू नानक देव जी ने कहा था कि व्यक्ति को सादगी भरा जीवन जीना चाहिए और अपना दृष्टिïकोण सही रखना चाहिए। उसके अंदर दया, संतोष, सेवा और नम्रता का भाव होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरू जी ने अपनी वाणी में सरबत का भला, अर्थात सृष्टिï में रहने वाले सभी जन का भला होने की बात कही थी, जिसमें उनका सार्वभौमिक संदेश निहित है। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव जी की वाणी बड़ी सरल तथा सुस्पष्टï है, जिसमें रूहानियत के गूढ़ रहस्यों को सरल तरीके से समझाया गया है, ताकि व्यक्ति सत्य के मार्ग पर चलकर आडम्बरों को छोडक़र प्रभु को पा सके। वह एक ऐसी शख्सियत थे, जिनके जीवन दर्शन या संदेश को शब्दो में व्यक्त नही किया जा सकता।
सेमिनार में वक्ता के रूप में चण्डीगढ़ से पधारे साहित्य अकादमी पुरस्कार से प्राप्त कवि एवं लेखक डॉ. सुरजीत पात्तर ने बोलते हुए कहा कि गुरू नानक देव जी की वाणी बड़ी अद्ïभुत है, जिसमें प्रकृति के साथ गहरा रिश्ता छिपा है। उनके बारह माह वाणी संग्रह में प्रकृति को आधार मानकर उसे रूहानियत से जोड़ा गया है। हालांकि वह चमत्कार अथवा करामात से दूर थे, लेकिन कुछ विचारको ने उन्हे करामात दिखाने से भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा था कि उनके पास केवल नाम व शब्द की ही करामात है इसके अलावा कुछ नहीं। वह किसी की निंदा नही, बल्कि सृजनकर्ता थे और हक हलाल की कमाई करने पर जोर देते थे। पराया हक मारने वालो के वे पूर्णत: विरूद्घ थे।
चण्डीगढ़ से ही पधारे नाटक लेखक आत्मजीत सिंह ने अपनी तकरीर में कहा कि गुरू नानक देव जी किसी एक विशेष जाति या धर्म के नही थे, उनका संदेश चौ वर्णो को सांझा अर्थात समाज के सभी वर्गों के लोगो के लिए था। उन्होंने बोलीबाली मानवता को समझाने के लिए संवाद को अपना माध्यम और हथियार बनाया था, जिसमें मुख्य कारक तर्क था। उन्होंने अपनी वाणी में गुरू शिष्य परम्परा पर जोर देते हुए कहा था कि गुरू बिन ज्ञान नही। जीवन से मुक्त होने के लिए नाम का सहारा लेकर उसका पालन करने की बात कही थी। गुरू जी ने गृहस्थ जीवन को सबसे बड़ा धर्म बताया और कहा कि व्यक्ति गृहस्थी में रहते हुए भी सत्य और परमार्थ के मार्ग पर चल सकता है। उन्होंने समरसता बनाए रखने को भी जोर दिया था तथा कहा था कि ना कोई हिन्दू है तथा ना मुसलमान, सभी मानव एक है। अहंकार को गुरू नानक देव जी ने दीर्घ रोग करार देते हुए कहा था कि अहंकार व्यक्ति को प्रभु से दूर ले जाता है। उन्होंने कहा था कि सब कुछ प्रभु का दिया हुआ है, फिर अहंकार किस बात का। उन्होंने यह संदेश दिया था कि व्यक्ति प्रभु को पाने से पहले स्वयं को पहचाने।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. जगबीर सिंह ने बोलते हुए कहा कि गुरू नानक देव जी की वाणी को समझने के लिए भारतीय दर्शन को समझने की जरूरत है। आज हम अलग-अलग तरीके से ईश्वर को सिद्घ करने में लगे हैं, लेकिन गुरू जी ने एक ओंकार से अपनी वाणी की शुरूआत की थी। यानि परमात्मा एक है और वह निराकार है। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव जी वर्ण व्यवस्था के विरूद्घ थे तथा कहते थे कि व्यक्ति की कोई जात नही, सभी एकेश्वर की संतान हैं।
सेमीनार में दी ट्रिब्यून चण्ड़ीगढ के सीनियर एसोसिएट एडिटर रूपिन्द्र सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि गुरू नानक देव जी जिस समय अवतरित हुए, उस समय समाज अलग-अलग धर्मों में बंटा हुआ था, ऐसे समय में उन्होंने जगह-जगह जाकर भटके हुए लोगो को राह दिखाने का काम किया और लोगो को समझाया कि ईश्वर अलग-अलग नही, बल्कि एक है, उस तक पहुंचने के लिए रास्ते अलग-अलग हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव जी ने अपनी वाणी में परमार्थ के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं का निराकरण भी किया, जो आप भी हमारे सामने व्यापत हैं। उन्होंने करतारपुर मेें स्वयं अपने हाथो से खेती-बाड़ी कर व्यक्ति को उद्यम करने का संदेश दिया और कहा कि आदमी को मेहनत और ईमानदारी से आदर्श जीवन जीना चाहिए। उनकी सोच में मानस की कोई जात नही होती, का संदेश निहित था। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव जी को किसी एक धर्म या पंथ से नही जोड़ा जा सकता, अपीतु उनकी शिक्षाएं सारी दुनिया के लिए है। रूपिन्द्र सिंह ने कहा कि गुरू नानक देव जी जैसी शख्सियत के आयोजन वृहद स्तर पर होने चाहिए, ताकि पुरी दुनिया में उनका संदेश पहुंचे और लोग उसका लाभ उठाएं।
सेमीनार में इंगलैंड से पधारे डॉ. हरजिन्द्र सिंह दिलगीर ने अपने मुख्य भाषण में सारी दुनिया को ज्ञान देने वाले गुरू नानक देव जी को रूहानियत मेगनेट करार देते हुए कहा कि उन्होंने जिसको भी शिक्षा दी, वह उसके मुरीद हो गए। यहां तक कि उस समय के राजा लोग भी उनकी शिक्षाओं से प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव जी की नजर में कोई व्यक्ति छोटा या बड़ा नहीं था, बल्कि उन्होंने छोटा अर्थात नीच उसे कहा था जो प्रभु से दूर है और वह खुद अपने आप को सबसे नीच समझते थे। गुरू जी ने काम, क्रोध, मोह व अहंकार को त्याग कर नाम से जुडक़र संसारिक आवागमन से मुक्त होने की बात कही थी। उनकी वाणी में औरत जाति का बड़ा दर्जा था। औरत के सम्मान के लिए उन्होंने कहा था कि तिस क्यों मंदा आखिये, जिन जम्मे राजान। इसके साथ-साथ उन्होंने अल्प निद्रा, सादा जीवन जीने, विकास पैदा करने वाले अशुद्घ भोजन ना करने तथा कर्मकांड से दूर रहकर निर्गुण भक्ति पर जोर दिया था।
कार्यक्रम में आयोजको की ओर से आए हुए वक्ताओं को स्मृति चिन्ह व शाल देकर उनका सम्मान किया गया। सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरों ने कार्यक्रम में आए महानुभावों का स्वागत करत हुए गुरू नानक देव जी के जीवन वृत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमो में गुरू नानक देव जी वाणी से ज्ञान का प्रवाह होगा।
करनाल के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आशा व्यक्त की कि गुरू नानक देव जी का संदेश लोगों को सत्य और ईमानदारी पर चलने के लिए हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने गुरू नानक देव जी की 550वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले कार्यक्रमों का आगाज करनाल से करने के लिए सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर असंध के विधायक बख्शीश सिंह विर्क, पंजाबी अकादमी के निदेशक गुरविन्द्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव, एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक, एडीपीआर जगदीप सिंह ढांडा, विभाग के संयुक्त निदेशक प्रशासन सुभाष सिहाग, संयुक्त निदेशक क्षेत्र डॉ. कुलदीप सैनी सहित बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित थी।
Post Now India Post Now India