करनाल 19 फरवरी, घरौंडा के विधायक एवं हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि वर्ष 2019 के शुरू में ही घरौंडा विधानसभा क्षेत्र को करीब 750 करोड़ रुपये के लागत से बनने वाली पंडित दीनदयाल उपाध्याय आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय का तोहफा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिया है। इसके अतिरिक्त घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में समान विकास करवाकर ऐसे-ऐसे गांव में पक्की गलियां, सडक़ें, सामुदायिक केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाए हैं जो विकास के मामले में काफी पिछड़े हुए थे। विधायक ने घरौंडा की जनता के अनुरूप विकास कार्य करवाए हैं जिससे हल्का विकास के मामले में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में भी घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवाए जाएंगे जोकि घरौंडा विधानसभा के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
विधायक ने अपने कार्यालय में हल्के के लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि हमने विधानसभा के लिए जो किया वह बिना किसी भेदभाव के किया। विकास के मामले में ऐसा कोई गांव नहीं जहां सरकार की ओर से लाखों रुपये खर्च न हुए हों। घरौंडा कस्बे की वर्षों पुरानी मांग लड़कियों के स्कूल के भवन का निर्माण करवाना जिसको उन्होंने प्राथमिकता से लिया और वह भवन बनकर तैयार हुआ जिसमें आज कक्षाएं लगती हैं। शिक्षा के क्षेत्र में घरौंडा विधानसभा क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने काफी प्रयास किया, शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जो उन्नति के मार्ग खोजता है। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय घरौंडा जिसे ज्ञानपुरा कॉलेज के नाम से जाना जाता है इस कॉलेज में विज्ञान संकाय नहीं पढ़ाया जाता था जबकि आधुनिक समय में विज्ञान संकाय का विशेष महत्व है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर उसे पूरा किया है और इतना ही नहीं कॉलेज परिसर में ही एनसीसी अकादमी को मंजूर करवाया। उन्होंने कहा कि बसताड़ा गांव में राजकीय महिला कॉलेज व आईटीआई की मंजूरी और उनका निर्माण कार्य शुरू करवाना यह भी इसी क्षेत्र की उपलब्धि मानी जाएगी।
विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य व खेल के क्षेत्र में घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में काफी कार्य हुआ है, करीब 25 व्यायामशालाएं पूरे विधानसभा क्षेत्र में खोली गई हैं जहां पर सुबह-शाम गांव के बच्चे अपने शरीर की कसरत करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को देखते हुए गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, डिस्पेंसरी खोली गई हैं।
Post Now India Post Now India