करनाल 11 जुलाई, अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव ने वीरवार को रेलवे रोड स्थित स्थानीय राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए विश्व जनसंख्या दिवस, जल शक्ति अभियान तथा वोटर वैरिफिकेशन एंड इन्फोर्मेशन प्रोग्राम कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि आज पूरी दुनिया विश्व जनसंख्या दिवस मना रही है। इस दिवस को मनाने का एक ही उद्देश्य है जनसंख्या वृद्धि पर रोक लगाना क्योंकि संसाधन कम होते जा रहे हैं और जनसंख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या पर नियंत्रण करना जरूरी है। जिस देश की जनसंख्या कम है वह देश खुशहाल और समृद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि भूमि के अंधाधूंध दोहन से भूजल स्तर निरंतर नीचे जा रहा है, कईं जगह पानी की समस्या एक विकट रूप धारण कर चुकी है। इस समस्या के निदान के लिए भारत सरकार द्वारा हाल ही में एक नया जल शक्ति मंत्रालय का गठन किया गया है। मंत्रालय द्वारा जल शक्ति अभियान पूरे देश में चलाया गया है। इस अभियान के तहत करनाल जिला में भी नई-नई गतिविधियों के तहत आम जनता को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि आने वाली पीढ़ी को पानी की समस्या से न जूझना पड़े। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जल है तो कल है, जल प्रकृति की अनमोल देन है इसे व्यर्थ न गवाएं। जितने पानी की जरूरत है उतना ही प्रयोग में लाया जाए, जिस गांव, गली व शहर में टूंटियों का पानी व्यर्थ हो रहा है उनको समझाएं और टंूटियों से पानी व्यर्थ न बहने दें।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश में नए मतदाताओं की वोट बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा वोटर वैरिफिकेशन एंड इन्फोर्मेशन प्रोग्राम के तहत पात्र व्यक्तियों को वोट बनवाने, मतदाता सूची संशोधन का कार्य भी किया जा रहा है। जिन मतदाताओं के विवरण में कोई त्रुटी है तो वह संबंधित बीएलओ से सम्पर्क करें और अपनी त्रुटि को दुरूस्त करवा सकते हैं। उन्होंने विशेषकर लड़कियों का आह्वान किया कि वह स्वयं तथा अधिक से अधिक महिलाओं की वोट बनवाएं। इसके अलावा परिवार में जिसकी आयु 18 वर्ष हो चुकी है उन पात्र व्यक्तियों की वोट बनवाने के लिए भी प्रेरित करें।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रेश विज, एडीसी कार्यालय से प्रवीण मोर, चुनाव तहसीलदार सुनील कुमार, विद्यालय के प्राचार्य महेन्द्र व स्टाफ उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India