करनाल 12 मई: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह व उनकी धर्मपत्नी प्रांजल ने करनाल विधानसभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक पाठशाला करनाल में स्थित बूथ नम्बर 207 पर पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने करनाल लोकसभा क्षेत्र की जनता को भी अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने मतदान करने के बाद कहा कि लोकतंत्र के पर्व में मतदान करके गौरव महसूस कर रहा हूॅं। संविधान के अनुसार देश के सभी नागरिकों को चुनाव में मतदान करके अपनी मर्जी की सरकार चुनने का अधिकार है। उन्होंने जिला के मतदाताओं से भी अपील की कि वे इस लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सांय 6 बजे तक अपने पोलिंग बूथों पर जाकर वोट का प्रयोग करें तथा अपने सगे-सम्बंधियों, मित्रों व परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें वोट का अधिकार दिया है। लोकतांत्रिक प्रणाली में वोट का अपना एक अलग ही महत्व है। मतदाताओं को वोट डालने का मौका 5 साल में एक बार मिलता है। इस अवसर को हमें खोना नहीं चाहिए। इसलिए राष्ट्र की मजबूती के लिए अच्छे लोगों को चुनकर लोकसभा व विधानसभा में भेजना चाहिए।
बॉक्स- जिले के सभी बूथों पर समय से मॉक पोल के बाद हुई वोटिंग शुरू- विनय प्रताप सिंह।
जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि करनाल जिले के सभी बूथों पर सुबह 7 बजे से ही वोटिंग आरम्भ हो गई। समय पर ही सभी बूथों पर एजेंटो की उपस्थिति में मॉक पोल किया गया और पूरा दिन चुनाव से जुड़े पुलिस कर्मी व अन्य अधिकारी अपनी-अपनी डयूटी पर सजग रहे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में देखा गया है कि लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं, जिले में कहीं पर भी किसी प्रकार की घटना की कोई सूचना नही मिली है।
Post Now India Post Now India