कुरुक्षेत्र, 12 अप्रैल। सामाजिक संस्था जेसीआई की महिला विंग जेसरिट द्वारा आयोजित स्त्री सप्ताह के अंतर्गत लाडवा स्थित सुगनी देवी सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में भारत को जानो निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रोजैक्ट के निदेशिका डॉ. माधविका मदान एवं जेसरिट की प्रधान पूनम परुथी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विद्यालय की 7वीं और 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें आठवीं के हरमन सिंह ने प्रथम, 8वीं के हरशीष सिंह ने द्वितीय व पूर्वी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि 7वीं के आर्यन और दीपांशी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी छाबड़ा ने क्लब की सदस्यों रीना मित्तल, आशु बिरमानी का स्वागत करते हुए कहा कि क्लब द्वारा किए जा रहे जनहित कार्य सराहनीय हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए डॉ. माधविका मदान ने उन्हें देश, सभ्यता और संस्कृति से जुड़े अनेक विषयों पर जागरूक किया और एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की तरक्की और खुशहाली में अपना योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं व अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।
Post Now India Post Now India