कैथल 24 अगस्त: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि जिला के सभी नागरिक डब्ल्यू-डाक यानि वट्सएप डिस्ट्रिक एडमिनिस्ट्रेशन कैथल नंबर 99969-37500 पर कोई भी जन समस्या को डाल सकता है, जिसका तुरंत निवारण किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति समस्या से जुड़ी फोटो व वट्सएप लोकेशन इस नंबर पर डालें, ताकि संबंधित विभाग जल्द उस स्थान पर पहुुंचे और समस्या का निवारण करें। जल्द ही बेटियों को बस स्टैंड से कॉलेज तक छोडऩे के लिए विद्या वाहिनी योजना के तहत एक विशेष बस चलाई जाएगी। सभी जिला वासी परिवार पहचान पत्र बनाने के लिए अंत्योदय केंद्र में आवेदन करें, सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए यह पहचान पत्र आधार रहेगा।
डॉ. प्रियंका सोनी लघु सचिवालय स्थित सभागार में मासिक प्रेसवार्ता को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मेरी फसल-मेरा ब्यौरा एक महत्वकांक्षी योजना लागू की गई है। कोई भी किसान कॉमन सर्विस सैंटर में जाकर अपनी गिरदावरी खुद भर सकता है। मेरी फसल-मेरा ब्यौरा में किसान पूर्ण विवरण भरें, किसी भी प्रकार की भ्रांति में नही आए। इस पोर्टल पर किसानों का ब्यौरा दर्ज करने का लक्ष्य शत-प्रतिशत गिरदावरी करना है। यह योजना किसानों के लिए बड़ी ही लाभकारी सिद्ध होगी। उपायुक्त ने कहा कि जिला में ई-गिरदावरी करने का कार्य चल रहा है। अब तक 79 गांवों की ई-गिरदावरी हो चुकी है और आगामी 5 सितंबर तक शत-प्रतिशत गिरदावरी कर दी जाएगी। इस कार्य को पूर्ण करने के लिए सभी पटवारियों को टैबलेट वितरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि गत 21 अगस्त को जिला में बने 2690 नए बीपीएल कार्ड धारकों को कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य सभी अंत्योदय केंद्रों में चल रहा है। इस योजना के तहत परिवार की एक अलग परिवार आईडी बनेगी। लगभग 3500 फार्म इस योजना के तहत अपलोड किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी से आह्वïान किया कि परिवार पहचान पत्र बनवाकर सरकार द्वारा मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाएं। जिला में जल संरक्षण के लिए जल शक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत जल संचय तथा पौधा रोपण करके पानी की बचत के क्रियाकलाप चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक गांव में जल संचय के लिए कार्य किए जा रहे हैं। पूरे देश में इस समय कैथल 66 वें स्थान पर है। यह अभियान आगामी 15 सितंबर तक जारी रहेगा, जिसके तहत और भी अन्य गतिविधियां चलाकर जल संरक्षण की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, पात्र व्यक्ति अपनी वोट जरूर बनवाएं, ताकि वह अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। जिला की बेटियों के लिए सुरक्षामय माहौल देते हुए बस स्टैंड से विभिन्न कॉलेजों तक विद्या वाहिनी के तहत एक विशेष बस चलाई जाएगी, जिसमें केवल लड़कियां ही कॉलेज तक और कॉलेज से बस स्टैंड तक आ-जा सकती है। इस व्यवस्था उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक सुविधा मुहैया होंगी।
एक सवाल के जवाब में उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में पार्कों सहित उन स्थानों पर गस्त बढ़ाई जाए, जहां पर आम जन का आवागमन रहता है। इसके साथ-साथ रात के समय विशेष गस्त की जाए और आवारा पशुओं को छोडऩे वाले लोगों पर शिकंजा कसा जाए। उन्होंने कहा कि गौ सेवा आयोग की तरफ से गौशालाओं को आर्थिक मदद की जाती है। हम सबका भी नैतिक कर्तव्य बनता है कि गऊशालाओं में दान दें, ताकि गायों के चारे की व्यवस्था हो सके। आवारा पशुओं को शहर से दूर रखने तथा उनके लिए स्थान व चारे की व्यवस्था के लिए प्रशासन द्वारा विस्तृत योजना बनाई जा रही है, ताकि इस समस्या का समाधान स्थाई रूप से हो सके। घायल पशुओं के ईलाज के लिए पशुपालन विभाग के डॉक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं कि घायल पशुओं के ईलाज के लिए अलग स्थान चयनित करके उनका ईलाज करना सुनिश्चित करें। एक अन्य सवाल के जवाब में उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सब्जी मंडी से कबूतर चौक व अन्य स्थानों पर पुलिस विभाग के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाया जाए। पुराने बस अड्डïे से जींद रोड तक लाईट की व्यवस्था आगामी 10 दिनों में दुरूस्त हो जानी चाहिए। जिला के सभी कोचिंग सैंटरों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी तयमाप दंडों के अनुसार अग्रि शमन यंत्र के साथ-साथ अन्य सुरक्षा के इंतजाम पूरे रखें। उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गऊशाला से मुख्य मार्ग तक की सड़क पर चल रहे सीवरेज के कार्य को जल्द पूरा करके सड़क को दुरूस्त किया जाए। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के पुलिस थाने के सामने से गीता भवन व बाजार तक पार्किंग होने वाले वाहनों को खुले स्थान पर पार्क करने की व्यवस्था करवाएं, ताकि शहर वासियों को किसी भी प्रकार की समस्या नही हो।
सिविल सर्जन डॉ. एसके नैन ने बताया कि जिला में लिंगानुपात 914 है। पीएनडीटी एक्ट की अनुपालना सख्ती से की जा रही है। कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध को रोकने के लिए निरंतर अभियान व छापेमारी की जाती है। जिला में मलेरिया का कोई भी केस सामनेे नही आया है। मलेरिया रोकथाम के लिए 1100 सक्षम युवाओं को लगाकर घर-घर जाकर आम जन को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी कोई भी व्यक्ति गर्भवती महिलाओं के लिए डिलिवरी तथा बच्चा पैदा होने के एक माह तक 108 नंबर पर कॉल करके एंबुलैंस की सुविधा मुफ्त में प्राप्त कर सकता है। नागरिक अस्पताल में सिटी स्कैन व डायलिसीस की सेवा शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत 7900 परिवारों को पंजीकृत करके कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत एक करोड़ 80 लाख रुपए स्वास्थ्य सेवाओं के लिए खर्च किए जा चुके हैं। टीबी बीमारी को जड़मूल से समाप्त करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। टीबी प्रभावित लोगों को मुफ्त में ईलाज के साथ-साथ उनके सीधे खाते में खुराक के लिए 3 हजार रुपए तक की आर्थिक मदद भी दी जा रही है। अब तक इस योजना के तहत 38 लाख रुपए की राशि संबंधित व्यक्तियों को दी जा चुकी है। डायरिया व टाईफाईड जैसी बीमारियों के रोकथाम के लिए प्लान बनाया गया है। सभी सीएचसी व पीएचसी ओरआरएस तथा जिंक टैबलेट मुफ्त में दी जा रही है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही ने सक्षम योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना हरियाणा सरकार ने अगस्त 2017 में शुरू की थी। इस योजना के तहत जिला कैथल के सभी खंड सक्षम हो चुके हैं। इतना ही नहीं पूंडरी खंड सक्षम प्लस भी घोषित किया जा चुका है। सक्षम योजना में बच्चों को उनकी कक्षा के अनुरूप ज्ञान दिया जाता है। विशेष कक्षाएं आयोजित करके बच्चों का ज्ञानवर्धन बढ़ाया जाता है। परीक्षाओं के द्वारा खंडों का चयन किया जाता है। सक्षम योजना के तहत अब तीसरी से आठवीं तक की कक्षा को शामिल किया गया है। पहले केवल तीसरी, पांचवी व सातवीं कक्षा को शामिल किया गया था। उपायुक्त के निर्देशानुसार प्रतिमाह समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाता है। अगले चरण के लिए होने वाली परीक्षाओं की तैयारियां चल रही हैं और जिला में सक्षम के तहत नकल रहित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक कुलवंत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. एसके नैन, कार्यकारी अभियंता प्रशांत, कुलदीप, बनारसी, नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार, डीआईओ दीपक खुराना, उप सिविल सर्जन डॉ. नीलम कक्कड़, एमई राजकुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिरोही, कार्यकारी अभियंता सोमबीर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India