कुरुक्षेत्र 1 फरवरी उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि स्वच्छ शक्ति-2019 कार्यक्रम में देश-प्रदेश से आने वाले मेहमानों के समक्ष स्वच्छ भारत-स्वच्छ हरियाणा विषय पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अधिकतर प्रस्तुतियां होंगी। इन प्रस्तुतियों के लिए उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला के साथ-साथ कला एवं सांस्कृतिक विभाग हरियाणा को जिम्मेवारी सौंपी गई है। इतना ही नहीं स्वच्छ शक्ति-2019 कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 15 से ज्यादा कमेटियों का भी गठन किया गया है।
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने आज यहां जारी आदेशों मेे कहा है कि स्वच्छ शक्ति-2019 कार्यक्रम का आयोजन 12 फरवरी को ब्रहमसरोवर के साथ लगते मेला क्षेत्र में किया जा रहा है, इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से 5 हजार और हरियाणा प्रदेश से 10 हजार महिलाएं भाग लेने जा रही है। इन मेहमानों के लिए स्वच्छ भारत मिशन और महिला सशक्तिकरण विषयों पर आधारित विशेष तौर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन 11 फरवरी को सायं के समय ब्रहमसरोवर के पुरुषोतमपुरा बाग में किया जाएगा। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्धारित विषय पर आयोजन करवाने और बेहतरीन कलाकारों को आमंत्रित करने के लिए उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला व कला एवं सांस्कृतिक विभाग हरियाणा को जिम्मेवारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि मेहमानों के समक्ष हरियाणवी संस्कृति को प्रस्तुत करने के लिए पुुरुषोतमपुरा बाग में हरियाणा पैवेलियन को स्थापित किया जाएगा। इस पैवेलियन में को बेहतर बनाने के लिए सीईओ केडीबी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है, इस कमेटी में डीआरओ, डीआईपीआरओ, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता जेपी काम्बोज, केडीबी के लेखा अधिकारी को भी शामिल किया गया है। इस पैवेलियन में प्रशासन की तरफ से स्टाल भी स्थापित किए जाएंगे और हरियाणा के विभिन्न जिलों से एसएचजी के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इतना ही नहीं उद्योग विभाग की तरफ से महिला उद्यमियों को भी इस पैवेलियन के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए एक विशेष वेब पोर्टल भी तैयार किया जाएगा। इस वेब पोर्टल पर पल-पल की गतिविधियों को अपडेट करने का काम किया जाएगा और इस वेब पोर्टल को विकसित करने की जिम्मेवारी आईटी के एई विनस को सौंपी गई है।
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ शक्ति-2019 कार्यक्रम स्थल पर ही एक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में स्वच्छ सुंदर शौचालय, कोलॉज, 5 स्वच्छता रथ और स्वच्छ भारत मिशन विषय पर आधारित सामग्री भी रखी और दिखाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें एडीसी कुरुक्षेत्र, एमडीडब्लयूएस के प्रतिनिधि, डीआईपीआरओ, एचएसआरएलएम अरविन्द शर्मा, पीओआईसीडीएस, डीआईओ कुरुक्षेत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए ट्रांस्पोटेशन कमेटी, जैकेट और कैप खरीदने की कमेटी, टेंटेज, खानपान, ठहरने, किट तैयार करने सहित अन्य कमेटियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक राज्यस्तरीय कमेटी का भी गठन किया गया है।
Post Now India Post Now India