Breaking News
Home / Politics / नेलो द्वारा आयोजित दलित मिलन सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

नेलो द्वारा आयोजित दलित मिलन सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

कुरुक्षेत्र, 6 जनवरी : जब-जब भी कमेरे वर्ग का गठबंधन हुआ तब-तब पूंजीपति ताकतों ने उसे तोड़ने की कुचेष्टा की। चौधरी देवीलाल ने भी जब कमेरे वर्ग को इकट्ठा करके कांग्रेस मुक्त भारत की मुहिम छेड़ी थी तब भी इस गठबंधन को तोड़ने का प्रयास किया गया था और आज भी इनेलो और बसपा के गठबंधन से घबराई ताकतों ने पार्टी की ही कमजोर कड़ियों का सहारा लेकर इसे तोड़ने का सफल प्रयास किया है, लेकिन इनेलो-बसपा गठबंधन चट्टान की तरह मजबूत है और आगामी चुनाव में बहन मायावती देश की प्रधानमंत्री बनेगी तथा हरियाणा में ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार बनेगी। यह विचार इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने पंजाबी धर्मशाला में नववर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित थानेसर हलके के दलित मिलन समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सम्मेलन में भारी संख्या में जन सैलाब उमड़ा, जिस कारण से सम्मेलन ने एक रैली का रूप धारण कर लिया। दलित समाज के लोग ढोल बजाते-नाचते-गाते सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन को बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने मुख्यातिथि के रूप में संबोधित किया, जबकि सम्मेलन की अध्यक्षता इनेलो एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बलदेव बाल्मीकि ने की। दलित समाज की ओर से अशोक अरोड़ा, प्रकाश भारती तथा बलदेव बाल्मीकि को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया गया और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि चौधरी देवीलाल को जब-जब ताकत मिली तब-तब इसे कमजोर करने का प्रयास किया गया। देवीलाल दलित व कमेरे वर्ग के सच्चे हितैषी थे। वे दलित समाज से संबंधित कृपा राम पूनिया को देश का राष्ट्रपति बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि देवीलाल ने ही दलित पिछड़े व गरीब परिवार के लोगों को संसद और विधानसभा के दरवाजे तक पहुंचाकर सत्ता में भागीदारी दी। उन्होंने कहा कि गत 18 अप्रैल को जिस दिन इनेलो-बसपा गठबंधन का ऐलान हुआ था उससे अगले ही दिन से कांग्रेस ने यह प्रचार शुरू कर दिया था कि यह गठबंधन टूटेगा और नहीं चलेगा। जब गठबंधन की लहर चली तो इसे कमजोर पार्टियों का गठबंधन बताया गया और आखिरकार पार्टी की कमजोर कड़ी को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने षड्यंत्र रचकर इनेलो को कमजोर करने का प्रयास किया। अरोड़ा ने कहा कि अच्छा हुआ जो ऐसी कमजोर कड़ियों को समय रहते पार्टी से बाहर कर दिया गया नहीं तो ये कमजोर कड़ियां चुनाव में हराने का काम  करती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अच्छे लोगों को पार्टी से जोड़ें। अशोक अरोड़ा ने कांग्रेस और भाजपा को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने जहां दलित वर्ग का केवल वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया वहीं भाजपा ने भी आउटसोर्सिंग में आरक्षण को खत्म कर दिया था। उन द्वारा मांग उठाए जाने पर आउटसोर्सिंग पॉलिसी-2 में एससी, बीसी के लिए नौकरी में आरक्षण रखा गया। उन्होंने कहा कि सी और डी श्रेणी की नौकरियों में इंटरव्यू खत्म करने का नुकसान सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी व ग्रामीण स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को 20 अंक अतिरिक्त दिए जाएं।
बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ से गदगद होकर कहा कि इस सम्मेलन ने विशाल रैली का रूप धारण कर लिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो और बसपा गठबंधन चट्टान की तरह मजबूत है। कुछ लोग भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। भारती ने कहा कि दोनों दलों में विधानसभा व लोकसभा की सीटों पर सहमति बन गई है। चुनाव घोषित होते ही सीटों का ऐलान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जींद उपचुनाव में गठबंधन का उम्मीदवार भारी बहुमत से जीतेगा। प्रदेश में गठबंधन की लहर से घबराकर भाजपा और कांग्रेस इसे तोड़ने में जुटे हुए हैं। जब गठबंधन की लहर चली तो दोनों दल घबरा गए, दुष्प्रचार में जुट गए। उन्होंने कहा कि बहन मायावती बात की धनी है। बसपा का गठबंधन चौधरी ओम प्रकाश चौटाला और इनेलो के साथ हुआ है। भारती ने कहा कि जो लोग नहीं चाहते थे कि प्रदेश में गठबंधन की सरकार बने उन्होंने ही इनेलो को तोड़ने का काम किया। पिछले 15 वर्ष से इनेलो इकट्ठा था। सवाल मुख्यमंत्री बनने का नहीं बल्कि कांग्रेस और भाजपा की शह पर गठबंधन को कमजोर करने का था और जिन लोगों को यह गठबंधन मंजूर नहीं था वे गठबंधन छोड़कर चले गए। भारती ने घोषणा की फरवरी के अंतिम सप्ताह में या मार्च में प्रथम सप्ताह में हरियाणा में बहन मायावती, ओम प्रकाश चौटाला के साथ विशाल रैली को संबोधित करेंगी। बहन मायातवती के हरियाणा में आते ही गठबंधन एक तूफान का रूप धारण कर लेगा। प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर गठबंधन विजय प्राप्त करेगा और यूपी में सपा और बसपा के बीच होने वाला गठबंधन सभी 80 सीटें जीतेगा। देश में बहन मायावती के नेतृत्व में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा ने एससी-एसटी एक्ट को तोड़कर दलितों के हितों पर कुठाराघात किया था, लेकिन दलित समाज ने एकजुटता दिखाई और पूरे देश में आंदोलन चलाया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए इनेलो एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बलदेव बाल्मीकि ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने आरएसएस और भाजपा को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि आरएसएस के प्रमुख ने दलित समाज को आरक्षण देने का विरोध किया है। भाजपा भी दलितों के प्रति दुर्भावना रखती है और कांग्रेस ने भी दलित समाज को मिट्ठी गोली देने का काम किया है। सम्मेलन के इनेलो जिला प्रधान संदीप टेका, इनेलो एससी प्रकोष्ठ के जिला प्रधान चंद्रभान बाल्मीकि, बसपा प्रधान मानसिंह, दीपक बाल्मीकि, सुखलाल बाल्मीकि, शाहाबाद से पूर्व विधानसभा में इनेलो प्रत्याशी रामकरण काला, पूर्व पार्षद डॉ. ओम प्रकाश, बसपा नेता सूरजभान नरवाल, बसपा नेत्री शशि सैनी, बसपा नेता अमित, पिछले वर्ग की नेता कलावती, मास्टर हरिसिंह पांचाल, दीपू बाजीगर, बसपा नेत्री सुनीता कश्यप, बसपा नेता सुभाष रंगा, संदीप बाल्मीकि सरपंच अजराना सहित दोनों दलों के अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

About postnow

Check Also

स्थानीय नई अनाज मंडी में मनाया गया 71वां गणतंत्र दिवस समारोह, शहीदों को युद्ध स्मारक पर जाकर दी श्रद्धांजलि

करनाल 26 जनवरी। नई अनाज मंडी में 71वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़ी धूमधाम के साथ मनाया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *