करनाल, 10 जून 2019: नैशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ने पार्टी का 21वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। नैशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मसीहा श्री शरद पवार जी सबसे ज्यादा योग्य, सबसे अनुभवी और परिश्रमी व्यक्ति हैं। उन्होंने न केवल राजनीति में अपितु क्रिकेट के क्षेत्र में भी शीर्षतम ऊंचाईयां छूई हैं। वे हमारी धरोहर, पूंजी और आदर्श हैं। यह विचार नैशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व डिप्टी स्पीकर चौधरी वेद पाल ने पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए पार्टी मुख्यालय में कहे। उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना को 20 वर्ष हो चुके हैं। आज लोकसभा में एनसीपी के समर्थन से 6 सांसद हैं और 6 सांसद राज्यसभा में हैं।
चौधरी वेद पाल ने कहा कि नैशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य सभी धर्मों व सभी समुदायों के लोगों में भाईचारे की भावना के साथ हर व्यक्ति को इंसाफ, भयमुक्त, न्याय-युक्त और भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी सुशासन प्रदान करना है जिसमें हर व्यक्ति को धर्म, जाति, वर्ग से ऊपर उठकर समान अवसर प्राप्त हो और जीवन में वह चहुंमुखी विकास कर सके ऐसा वातावरण प्रदेश व देश में प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि एनसीपी का जनाधार सारे देश में धीरे-धीरे शरद पवार जी के नेतृत्व में बढ़ता जा रहा है।
हरियाणा एनसीपी के सुप्रीमो चौधरी वेदपाल ने कहा कि किसानों व गरीबों का सच्चा हमदर्द केवल शरद पवार हैं। क्योंकि वह उनके दुख-दर्द और समस्याओं को समझते हैं और उनकी समस्याओं का निदान जड़मूल से करने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि आज हमें जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाकर एक अच्छे सक्षम विकल्प के रूप में विपक्ष की भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं और पार्टी के हर कार्यकर्ता के साथ हम दिन-रात उनकी मदद के लिए खड़े रहेंगे और वह समय दूर नहीं जब हरियाणा में एनसीपी की सरकार बनेगी या एनसीपी के सहयोग से सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जरुरत सिर्फ संघर्ष, मेहनत और जनून की है जो कि हमारे हर कार्यकर्ता में है लेकिन उसको हमने अमलीजामा पहनाकर आम आदमी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार से सभी वर्ग व समुदायों के लोग दुखी हैं। हर व्यक्ति या तो धरने पर बैठा है या विरोध में खड़ा है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में लोग मजबूत विकल्प की तलाश में है जो मौजूदा सरकार से छुटकारा दिला सके और हमें अपने नेता के बल पर, अपनी नीतियों के बल पर और कार्यक्रमों के जरिये जनता को जोडक़र एक सक्षम विकल्प के रूप में साबित करना है।
पार्टी के प्रदेश महासचिव ओम प्रकाश बक्शी ने कहा कि हमारे पास चौधरी वेद पाल जैसे मेहनती, कर्मठ और र्निविवाद नेता हैं जो कि विकास पुरुष के रूप में इलाके में जाने जाते हैं। हमें तो केवल जनता के बीच सरकार की गलत नीतियों को उजागर करके अपनी पार्टी का प्रचार करके लोगों को जोडऩा है और सामाजिक बुराईयों को छोडऩे का भी संकल्प लेना है। पार्टी के प्रदेश महासचिव व मीडिया प्रभारी विजय पाल एडवोकेट ने पदाधिकारियों में व कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाला समय आप लोगों का है। उन्होंने कहा कि ‘मंजिलें उनको मिलती हैं जिनके सपनों में जान होती हैं, पंखों से कुछ नहीं होता हौंसलों से उड़ान होती है’।
इस अवसर पर पदाधिकारियों व सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों को तन-मन-धन से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और शरद पवार जिन्दाबाद व नैशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी जिन्दाबाद के गगनभेदी नारे लगाए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव ओम प्रकाश बक्शी, प्रदेश महासचिव व मीडिया प्रभारी विजय पाल एडवोकेट, प्रदेश उपप्रधान गुरनाम सिंह, प्रदेश सचिव स. प्रताप सिंह रानियां, राजेन्द्र सन्धू, डॉ. जय प्रकाश शर्मा, अशोक बत्तरा, रघुबीर मैहता, दीपक शर्मा, महेन्द्र सैनी, प्रवीन कुमार पाल, पिन्टू राणा, नगेन्द्र राणा, शिव कुमार कांबोज, बाबूराम नम्बरदार, धर्मपाल काम्बोज पंच, राधेश्याम गुप्ता, प्रो. जिले सिंह राणा, डॉ जरनैल सिंह, स. सुखविन्द्र सिंह, स. सुरजीत सिंह, सोहन सिंह सरोहा, रजत वाल्मीकि, स. कुलदीप सिंह चीमा, ओंकार सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
Post Now India Post Now India