करनाल 20 जनवरी, हरियाणा सरकार के 4 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सूचना जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा 21 जनवरी से लेकर आगामी 22 फरवरी तक विशेष प्रचार अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकासात्मक परियोजनाओं का गांव-गांव पहुंचकर लोक गीतों, नुक्कड़ नाटक तथा लघु फिल्मों केमाध्यम से व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसी कड़ी में करनाल जिला में भी विभागीय ड्रामा पार्टी, भजन मंडली तथा अनुबंधित भजन मंडलियों द्वारा प्रचार करने का एक्शन प्लान तैयार किया गया।
यह जानकारी जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी सुनील बसताड़ा ने दी। उन्होंने बताया कि विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो के निर्देशानुसार जिला में 21 जनवरी से विशेष प्रचार अभियान कराया जाएगा। इस अभियान में विभागीय ड्रामा पार्टी सहित सभी अनुबंधित भजन मंडली द्वारा प्रचार का कार्य किया जाएगा। यह पार्टियां एक दिन में दो-दो गांवों में कार्यक्रम देंगी। इस कार्य पर कड़ी निगरानी रखने के लिए विभाग के उच्च अधिकारी सहित जिला मुख्यालय पर कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी समय-समय पर औचक निरीक्षण करेंगे। जिसकी रिपोर्ट हर सप्ताह मुख्यालय चंडीगढ भिजवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं विकासात्मक परियोजनाओं का प्रचार-प्रसार करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष प्रचार अभियान का शुभारम्भ स्थानीय नेताओं तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में करवाया जाएगा।
Post Now India Post Now India