कुरुक्षेत्र 19 मार्च: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2019 को लेकर बैंकों में असमान्य लेन देन करने वाले उपभोक्ताओं पर आयकर विभाग के साथ-साथ प्रशासन की पैनी निगाहे रहेंगी। इन चुनावों के दौरान संदेहजनक स्थिति में 10 लाख से ज्यादा नगद राशि और जेवरात ले जाने वाले लोगों के खिलाफ भी आयकर विभाग की तरफ से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इन चुनावों के दौरान किसी भी कीमत पर आदर्श आचार संहिता की उल्लघंना नहीं करने दी जाएगी।
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया मंगलवार को देर सायं उपायुक्त कार्यालय में लोकसभा आम चुनाव 2019 को लेकर आयकर विभाग, डाक विभाग और एलडीएम की एक संयुक्त बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 12 मई 2019 को लोकसभा चुनावों के लिए मतदान होगा, इन चुनावों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता लगा दी गई है, इसलिए आदर्श आचार संहिता की पालना करवाना सभी का प्रथम कर्तव्य बनता है। इस जिले में लोकसभा आम चुनाव 2019 में बैंकों के लेनदेन और नगद राशि व जेवरात ले कर चलने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार एक कमेटी का गठन कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आयकर विभाग के अधिकारी रमेश सचदेवा को नोडल अधिकारी की जिम्मेवारी सौंपी गई है और आयकर विभाग की तरफ से एक कंट्रोल रुम की स्थापना कर दी गई है। इस कंट्रोल रुम का टोल फ्री नम्बर 1800-180-4815 की सेवाएं भी शुरु कर दी गई है। इस टोल फ्री नम्बर पर संदेहजनक नगदी और जेवरात ले जाने वाले और असमान्य रुप से बैंकों के जरिए नगदी का लेनदेन करने वालों से सम्बन्धित जायज शिकायत की जा सकती है। इस शिकायत के बाद आयकर विभाग के अधिकारी पूछताछ के बाद और तथ्यों को ध्यान में रखकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएंगे। उन्होंने कहा कि कैश लेकर जाने वाली वैन पर भी आयकर विभाग के साथ-साथ तमाम अधिकारियों की पैनी निगाहे रहेंगी। इसके लिए बैंक अधिकारियों को विशेष हिदायत जारी की गई है कि कैश लेकर जाने वाली बैंक की वैन के अधिकारी और कर्मचारी के पास नियमानुसार वाउचर होना जरुरी है। जिस वैन के पास नगदी लाने व ले जाने के लिए सही वाउचर नहीं होंगे, उसके खिलाफ भी आयकर विभाग के अधिकारी कार्रवाई करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि कमेटी के सदस्य किसी व्यक्ति को नाजायज तंग नहीं करेंगे, सबसे पहले नगदी ले जाने वाले लोगों से तथ्य एकत्रित करेंगे, अगर व्यक्ति नगद राशि से सम्बन्धित दस्तावेजों सहित सही जानकारी नहीं दे पाया तभी कार्रवाई की जाए। इन लोकसभा चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाना सभी का कर्तव्य बनता है और सभी आपसी तालमेल के साथ काम करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने डाक विभाग के अधिकारियों को इलेक्ट्रोल वोट और पोस्टल बैलेट वोट को सही समय पर पहुंचाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य को बहुत सावधानी के साथ पूरा करना है ताकि जरा सी भी चूक ना हो सके। उन्होंने एलडीएम को निर्देश देते हुए कहा कि सभी बैंकों में संदेहजनक और असामान्य नगदी के लेनदेन पर नजर रखेंगे और आरटीजीएस की एंट्री पर भी पूरी नजर रखना सुनिश्चित करेंगे। किसी भी संदेहजनक स्थिति और असमान्य ट्रांजैक्शन करने वाले उपभोक्ता की जानकारी कमेटी और जिला निर्वाचन कार्यालय को सूचित करना सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त पार्थ गुप्ता, चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार, कानूनगो सुभाष चंद्र, महासिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Post Now India Post Now India