कैथल, 15 मई: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने लोकसभा आम चुनाव के तहत आगामी 23 मई को प्रस्तावित मतगणना हेतू सभी सहायक रिटर्निग अधिकारियों व अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं ताकि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों अनुसार मतगणना को शांतिपूर्वक ढंग से सम्पन्न करवाया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी द्वारा जारी आदेशों के तहत लोकसभा आम चुनाव के तहत मतगणना के लिए जिला की चारों विधानसभाओं हेतू चार मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। गुहला विधानसभा क्षेत्र की मतगणना हेतू स्थानीय करनाल रोड स्थित इंदिरा गांधी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल तथा पूंडरी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना हेतू इसी महाविद्यालय के कॉमन कक्ष में मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। कलायत विधानसभा क्षेत्र की मतगणना हेतू स्थानीय अम्बाला रोड स्थित आरकेएसडी पब्लिक स्कूल के हॉल तथा कैथल विधानसभा क्षेत्र हेतू की मतगणना हेतू आरकेएसडी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हॉल में मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर वीवीपैट मतगणना के लिए एक बूथ स्थापित किया जाना है तथा उस बूथ पर एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। मतगणना केंद्र पर टैलिफोन व इंटरनैट की सुविधा से युक्त मीडिया सैंटर भी स्थापित किया जाएगा।
डॉ. प्रियंका सोनी ने जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए हंै कि वे मतगणना हॉल में मतगणना हेतू लगाई जाने वाली मेजों की संख्या निश्चित करें ताकि मतगणना हेतू स्टाफ की नियुक्ति की जा सके। सभी अधिकारियों को मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक, माईक्रो पर्यवेक्षक व सहायक रिटर्निंग कार्यालय के कर्मचारियों की डयूटी का चार्ट भी भिजवाने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना केेंद्र में बैरिकेडिंग करवाने तथा मतगणना एजैंटो हेतू बैठने के समुचित प्रबंध करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मतगणना केंद्रों में कम्प्यूटर सिस्टम, ऑपरेटर आदि की नियुक्ति करवाने के आदेश भी जारी किए गए हैं। मतगणना के उपरांत रिकॉर्ड को सील करने तथा इलैक्ट्रोनिक वोटिंग मशीनों को खजाना कार्यालय में जमा करवाने हेतू नोडल अधिकारी व स्टाफ की नियुक्ति करने बारे भी निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि वे लोकसभा आम चुनाव 2019 की मतगणना हेतू 22 व 23 मई को सभी चारों मतगणना केंद्रों पर बिजली की समुचित व्यवस्था करें ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जनरेटर का प्रबंध भी किया जाए। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि 22 व 23 मई को चारों मतगणना केंद्रों पर पानी की व्यवस्था करवाएं। उन्होंने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश जारी किए हैं कि वे 23 मई को चारों मतगणना केंद्रों पर अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था करवाना सुनिश्चित करें।
Home / Uncategorized / मतगणना हेतू सभी सहायक रिटर्निग अधिकारियों व अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए
Check Also
सरकार ने किसानों के लिए खोला क्षतिपूर्ति पोर्टल:नेहा सिंह
कुरुक्षेत्र । उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए राजस्व विभाग …
Post Now India Post Now India