कैथल, 3 मई: जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमएम धौंचक के आदेशानुसार भविष्य आपके हाथ में है मतदान जागरूकता अभियान के तहत स्थानीय माईल स्टोन सीनियर सैकेंडरी स्कूल में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव तरणजीत कौर ने कहा कि मतदान एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें भारत के नागरिक अपने मत का प्रयोग करके सरकार के सांसदों को चुनकर सरकार बनाने में सहयोग करते हैं। हरियाणा में लोकसभा चुनाव आगामी 12 मई को हो रहे हैं। सभी को ज्यादा से ज्यादा मतदान करना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी इस बारे में प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मत व मतदान से संबंधित जागरूकता अभियान भविष्य आपके हाथ में है अभियान चला रखा है, जिसके तहत सभी को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ-साथ वोटिंग मशीन की जानकारी तथा मतदान प्रक्रिया के विषय पर भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मुफ्त कानूनी सहायता व कानूनी अधिकारों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की हैल्प लाईन नंबर 01746-235759 पर किसी भी प्रकार की कानूनी या सामाजिक समस्या के बारे में बात की जा सकती है। इस मौके पर जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा उपस्थित लोगों को ईवीएम व वीवीपैट के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य अतुल शर्मा, सोनिया, आशिमा के अलावा अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
Post Now India Post Now India