करनाल 31 मई, महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी के निर्देशों पर शहर के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, मुख्यमंत्री का कहना है कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य करवाए जाएं। मेयर ने बताया कि शहर के प्रत्येक वार्ड में जाकर वहां की जनता से मिलेंगे और विकास कार्यों को लेकर चर्चा करेंगे तथा महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता पर लेकर उन्हे जल्द पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के मद्ïदेनजर मेयर रेणु बाला गुप्ता ने निगम अधिकारियों को साथ लेकर शुक्रवार को शहर के वार्ड 6 व 16 में अलग-अलग जगहों पर जाकर जन सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मेयर ने मौके पर मौजूद निगम इंजीनियरों को निर्देश दिए कि शीघ्र अति शीघ्र विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार करें और काम को धरातल पर लाएं। ध्यान में रहे कि कार्य की गुणवत्ता में कोताही ना भरती जाए तथा कार्य तय समय सीमा में ही पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को लम्बे समय तक उनका फायदा मिल सके।
महापौर ने सबसे पहले शहर के वार्ड 16 में जाकर हांसी रोड़ से श्री सेवक सभा जुण्डला गेट को जाने वाली सड़क का निरीक्षण किया। इस सड़क की लम्बाई करीब 1200 मीटर तथा चौड़ाई लगभग साढे 11 मीटर है। मेयर ने बताया कि अमरूत स्कीम के अंतर्गत इस सड़क पर बरसाती पानी की निकासी के लिए स्टोरम वाटर की लाईने बिछा दी गई हैं। मेयर ने सड़क की खराब हालत को देखते हुए अधिकारियों को सड़क तुरंत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले सड़क का हैवी बेस तैयार किया जाए, क्योंकि इस सड़क पर ज्यादातर भारी वाहनो का आवागमन लगा रहता है। हैवी बेस तैयार कर इस पर 9 इंच सीमेंट कंक्रीट की मजबूत और अच्छी क्वालिटी की सड़क तैयार की जाए। यह कार्य जल्द पूरा कर लिया जाए। इस सड़क के तैयार होने से आमजन को काफी फादया पहुंचेगा।
इसके पश्चात महापौर ने वार्ड-6 में जाकर चांद सराय में गंदे पानी के नाले का निरीक्षण किया, जोकि खराब हालत में है और बंद पड़ा है। महापौर ने तुंरत अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसे बरसाती पानी की ड्रेन से जोड़ा जाए, ताकि गंदा पानी नाले में ना खड़ा ना हो। तत्पश्चात उन्होंने रामदेव कॉलोनी, मंगल कॉलोनी तथा डींगा खेड़ा एरिया की सड़कों का भी निरीक्षण किया और सम्बंधित इंजीनियरों को सड़कों के जल्दी से एस्टीमेट तैयार कर कार्य को शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि इन कॉलोनियों में विकास हो सके और आमजन को इनका सीधा लाभ पहुंचे।
इसके पश्चात महापौर ने शिव कॉलोनी अंडर पास जो रेलवे लाईन के नीचे बिछाया जा रहा है, को रेलवे विभाग के अधिकारियों से मिलकर इसे जल्दी पूरा करवाने बारे कहा, क्योंकि यहां के निवासियों की यह वर्षों पुरानी मांग है और उन्हे इसका फायदा मिले। इसके साथ-साथ उन्होंने रेलवे लाईन के साथ बन रहे लिंक रोड़ का भी निरीक्षण किया तथा इंजीनियरों को निर्देश दिए कि कार्य को समय पर पूरा करें। मेयर ने बताया कि रेलवे लाईन के साथ लिंक रोड़ बनने से भारी वाहन जैसे ट्रक इत्यादि शहर में प्रवेश नही कर सकेंगे। इससे शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न नही होगी।
आज के दौरे में उनके साथ वार्ड-16 की पार्षद रजनी परौचा, वार्ड-6 की पार्षद नीलम सिरसी, निगम के अधीक्षण अभियंता रमेश मड़ान, कार्यकारी अभियंता अक्षय कुमार, सहायक अभियंता सतीश मित्तल, कनिष्ठ अभियंता सुशील शर्मा तथा राम निवास, समाजसेवी बृज गुप्ता, राजेन्द्र सिरसी, नरेन्द्र पंडित, बीजेपी मण्डल अध्यक्ष प्रवीन लाठन, श्री सेवक सभा के प्रधान नारायण गोयल, जगमाल गुप्ता, नीरज अग्रवाल, अनिल शर्मा, प्रवीन बंसल तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India