असंध/करनाल 20 जून: असंध के विधायक स. बख्शीश सिंह विर्क ने अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव मोरमाजरा में 35 लाख रुपये गोहली में 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। ग्रामीणों ने विधायक का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। विधायक ने कहा कि असंध विधानसभा क्षेत्र का कोई ऐसा गांव नहीं जहां पर लाखों रुपये के विकास कार्य न हुए हों, कुछ विकास कार्यों पर अभी कार्य चल रहा है।
विधायक वीरवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव मोरमाजरा में पहुंचे वहां पर विधायक ने 35 लाख रुपये की लागत से बनी 3 गलियों व नालियों, वाल्मीकि चौपाल, जोहड़ की चारदीवारी, का उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों पर करीब 35 लाख रुपये का खर्च आया है। गांव की सरपंच सुनीता ने बताया कि विधायक द्वारा उनके गांव में इससे पहले भी लाखों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। विधायक स. बख्शीश सिंह विर्क ने उनके गांव में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों के लिए ग्रांट दी है। उनके द्वारा दी गई ग्रांट में से अधिकतर कार्य पूरे हो गए हैं। इस मौके पर रामपाल कश्यप, जिले सिंह, बलिन्द्र, दविन्द्र सिंह, पंच संदीप व हरपाल, जयपाल मान, जोगिन्द्र मान सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
दूसरी ओर विधायक ने गांव गोहली में पहुंचकर करीब 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों में गांव की गलिया, नालियां पक्की करना शामिल हैं। गांव की ओर से सरपंच सुरेन्द्र ने विधायक का स्वागत किया और कहा कि विधायक ने गोहली में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए हैं। उन्होंने सार्वजनिक विकास के लिए कभी भी मना नहीं किया। आज भी उन्होंने करीब 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन करके गांव को एक बड़ी सौगात दी है।
इस मौके पर विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिलाया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर सभी का समान विकास करवा रहे हैं। उनके लिए हरियाणा की समस्त जनता एक परिवार है। उन्होंने असंध विधानसभा क्षेत्र में भी करोड़ों रुपये की सौगात देकर इस क्षेत्र को विकास की मुख्य धारा में जोड़ा है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिलाया कि आगे भी वह हल्के के लोगों की सेवा करते रहेंगे। आप सबके आर्शीवाद की जरूरत है। इस मौके पर पाढा बल्ला मंडल के महासचिव जीत सिंह बैरागी, नंबरदार रामकिशन, पृथ्वी सिंह, सतबीर सिंह, राधे श्याम शर्मा, मा. जगजीत सिंह, अशोक कुमार, सोनू सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India