बाबैन/लाडवा 5 फरवरी कुरुक्षेत्र लोकसभा संयोजक एवं लाडवा विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि लाडवा हल्के के लगभग सभी विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। विपक्षी पार्टियों के पास हल्के में वोट मांगने तक का कोई मुद्दा नहीं है। केन्द्र और हरियाणा में 2019 में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी।
वे मंगलवार को गांव जालखेड़ी, रामनगर 112, भूखडी व रामनगर 156, फलसंडा जाटान व गांव बरगट जाटान में विकास कार्यो के उद्घाटन अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले विधायक डा. पवन सैनी ने गांव जालखेड़ी में 7 लाख रुपए की लागत से बनाई गई चौपाल का उदघाटन किया। इसके उपरांत गांव भूखड़ी में करीब 35 लाख की लागत से 4 गलियां व एसी चौपाल, गांव रामनगर-156 में लगभग 12 लाख की लागत से श्मशान घाट की चारदिवारी व 2 गलियों, गांव फालसंडा जाटान में 15 लाख की लागत से 3 गलियों व एसी चौपाल का उदघाटन किया। उन्होंने कहा कि जींद में भाजपा पार्टी की जीत ने विपक्ष को आईना दिखाने का काम किया है। जनता ने भाजपा पार्टी को जनादेश देते हुए यह स्पष्ट कर दिया कि जनता झूठ, लूट और भ्रष्टाचार की राजनीति नहीं चाहती है। जनता ने भाजपा की पारदर्शी शासन प्रणाली, भ्रष्टाचार मुक्त परिवेश तथा सबका साथ- सबका विकास जैसी स्पष्ट नीतियों में विश्वास व्यक्त किया है। विकास की मांग जनता का स्वाभाविक अधिकार है, जिसे देना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में जो विकास के काम हुआ है आज तक के इतिहास में नहीं हुआ। देश और प्रदेश मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। हर वर्ग, हर क्षेत्र का पूर्ण विकास हो रहा है, सबका साथ सबका विकास की भावना से कार्य किया जा रहा है। आज जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को सीधा सीधा मिल रहा है। हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां पर विभागों की सेवाएं एक साथ ऑनलाइन कर दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी शहरों और 6 हजार गांवों में सरल केंद्र, अंत्योदय भवन और अंत्योदय सरल केंद्र के माध्यम से एक साथ 37 विभागों की 485 सेवाएं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है। लोकसभा व विधानसभा चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में जनता का विश्वास व्यक्त होने की ओर स्पष्ट संकेत है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महामंत्री विकास जालखेड़ी, महामंत्री सोमनाथ सहित गावों के मौजिज व्यक्ति मौजूद थे।
Post Now India Post Now India