करनाल 12 सितम्बर: शहर के सदर बाजार, टिम्बर मार्किट तथा भगवाडिय़ा एजेंसी क्षेत्र में सडक़ों के प्रीमिक्स कार्पेटिंग के कार्य आज से शुरू हो गए हैं। अब यहां से गुजरने वालों को गढ्ढों पर चलने से निजात मिलेगी। सडक़ों के इन कार्यों पर करीब 70 लाख रूपये की राशि खर्च होगी और यह अगले 1 महीने में मुकम्मल होंगे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने गुरूवार को सदर बाजार के खेड़ा चौक से प्रीमिक्स कार्पेटिंग के कार्य की शुरूआत की। पुरानी परम्परा से हटकर वार्ड के ही एक व्यक्ति से नारियल तुड़वाकर विधिवत कार्य शुरू कार्य। इस मौके पर मेयर के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक सुखीजा, पार्षद ईश गुलाटी, निगम के सहायक इंजीनियर सुनील भल्ला तथा जे.ई. प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे।
इस मौके पर नागरिकों के साथ संवाद करते हुए मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल के मार्गदर्शन में नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। जनता की सुविधा के लिए सडक़ों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड 13 में सडक़ों की कार्पेटिंग के लिए यहां के पार्षद ईश गुलाटी की मांग थी, जो आज पूरी हो रही है। पार्षद हमेशा इस वार्ड के नागरिकों की मांग लेकर निगम में आते हैं और उन्हें पूरा करवाने के लिए प्रयासरत रहते हैं।
उन्होंने नागरिकों से कहा कि वे स्वयं सडक़ों के इन कार्यों की क्वालिटी चैक करें, ताकि यह लम्बे समय तक सुविधाजनक बनी रहें। किसी तरह की खामी दिखाई देने पर उसकी सूचना नगर निगम में दें। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि क्वालिटी से किसी तरह का समझौता ना हो और कार्य समय पर पूरा किया जाए।
इस मौके पर पुरषोत्तम पुरी, लखबीर सहगल, तेजपाल, श्रवण कुमार, रिंकू, निर्मल बहन व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India