कैथल, 1 अगस्त: हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज ने कहा कि श्री गुरूनानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर आयोजित सिरसा की अनाज मंडी में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में हजारों की संख्या में जिला कैथल से श्रद्धालु पहुंचेंगे। सभी श्रद्धालुओं के लिए वहां पर आने-जाने की उचित व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को कोई दिक्कत न आए।
राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज लोक निर्माण विश्राम गृह में जिला के मंडलाध्यक्षों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ कैथल से जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्री गुरू नानक देव जी सभी धर्मों के लिए पूजनीय है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सभी महापुरूषों को मान-सम्मान देने के लिए उनके प्रकाशोत्सवों को सरकारी तौर पर मनाने का कार्य किया गया है, जोकि पहली बार है। सिरसा की अनाज मंडी में आयोजित होने वाले श्री गुरूनानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए वाहनों की व्यवस्था कर दी गई है। संबंधित व्यक्तियों के पास एक दिन पहले ही वाहन पहुंच जाएंगे। राज्यमंत्री ने गुरूद्वारा नीम साहिब, मंजी साहब, सेवा पंथी आश्रम टोपियों वाला गुरूद्वारा, बाबा बंदा सिंह बहादुर सम्प्रदाय तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे तथा सिरसा जाने वाली संगत और बसों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु 3 अगस्त को जाना चाहे, वह भी जा सकते सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर रहने, ठहरने, लंगर इत्यादि की व्यवस्था पूरी होगी। इस समारोह में देश के सुप्रसिद्ध रागीजत्थे और कथा वाचक एकत्रित साध संगत को अमृतमयी प्रवचन और कीर्तन से निहाल करेंगे। एक भव्य समारोह का आयोजन सिरसा की भूमि पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी साध संगत ठीक समय पर कैथल से रवाना हों, ताकि इस भव्य कार्यक्रम में शरीक होकर अपने आपको पुण्य के भागी बना सके। राज्यमंत्री ने कहा कि जिला कैथल के सभी विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 100 बसें ले जाने की व्यवस्था की गई हैं।
इस मौके पर गुरूद्वारा नीम साहिब व मंजी साहब के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह पहली सरकार है, जिसने सिख गुरूओं को पूरा मान-सम्मान दिया है। श्री गुरूनानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव में जाने के लिए जिला की साध संगत में भारी उत्साह है। हजारों की संख्या में साध संगत इस समारोह में पहुंचकर श्री गुरूनानक देव जी के समक्ष शीश नवाएंगे। भाजपा के जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने कहा कि जिला से हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस कार्यक्रम में श्रद्धाभाव से शिरकत करेंगे। सभी साध संगत को ले जाने की उचित व्यवस्था की गई है। संबंधित गांव तथा गुरूद्वारों में 3 अगस्त को ही वाहनों की व्यवस्था कर दी जाएगी, ताकि जिला से जाने वाले किसी भी श्रद्धालु को दिक्कत नही हो।
इस अवसर पर थानेसर विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक बूटा राम, संजय भारद्वाज, रामपाल राणा, रणधीर गोलन, मनीष कठवाड़, कमलेश ढांडा, सुभाष हजवाना, विक्की शर्मा, मुखत्यार सिंह, अमरेंद्र खारा, गज्जन सिंह, बाबा बंदा सिंह बहादूर सिख सम्प्रदाय के राष्टï्रीय संयोजक शिव शंकर पाहवा, गुरूद्वारा नीम साहिब प्रधान जरनैल सिंह, सेवा पंथी आश्रम टोपियों वाला गुरूद्वारा के संत आशीष शास्त्री, रणजीत सिंह, साहब सिंह, अजीत सिंह, प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, नगराधीश विवेक चौधरी, तहसीलदार छोटू राम, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी विरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India