कैथल, 19 मार्च: सिविल सर्जन कार्यालय में सिविल सर्जन डॉ. एसके नैन की अध्यक्षता में पीएनडीटी की जिला सलाहकार समिति की बैठक में जिला में लिंगानुपात को बढाने हेतू विभागों के आपसी तालमेल बारे विचार-विमर्श किया गया तथा फतेहपुर पूंडरी स्थित गुरु नानक मल्टी स्पैशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सैंटर में अल्ट्रासाउंड केंद्र पंजीकरण के आवेदन को स्वीकृति प्रदान की गई।
सिविल सर्जन डॉ. एसके नैन ने बैठक में उपस्थितगण से आह्वान किया कि वे जिला में लिंगानुपात को 950 तक पहुंचाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना पूर्ण सहयोग करें। गत फरवरी माह के दौरान जिला का लिंगानुपात 945 दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में सुधार के बिना संतुलित समाज का निर्माण नहीं हो सकता। सभी अपनी-अपनी सामाजिक जिम्मेवारी का ईमानदारी से निर्वहन करें। समाज में बेटा-बेटी में किए जा रहे भेदभाव को समाप्त करने के लिए लोगों की मानसिकता बदलने की आवश्यकता है। लड़कियां वर्तमान समय में किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों के बेहत्तर स्वास्थ्य के लिए उन्हें जागरूक करने में भी सभी अपना योगदान दें ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके और बच्चों को स्वस्थ जीवन का उपहार दिया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विभाग आपसी तालमेल को बढाते हुए सभी बच्चों व गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण पर विशेष ध्यान देंगे। गर्भवती महिलाओं की पूर्ण देखभाल से स्वस्थ बच्चों का जन्म होगा। इस अवसर पर डॉ. रेणू चावला, डॉ. अनिल अग्रवाल, डॉ. गौरव पुनिया, एडीए विक्रम सिंह एवं सुनील पुनिया, पीओआईसीडीएस रेणु पसरीचा, ईंट भट्ठा एसोसिएशन के प्रधान आरपी बंसल, सीडीपीओ कमलेश गर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता नीता रानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India