करनाल 18 सितम्बर, स्मार्ट सिटी करनाल को पॉलीथिन मुक्त करने की मुहिम दिनो-दिन मुखर हो रही है। मंगलवार को नगर निगम के आला अधिकारी यानि आयुक्त निशांत कुमार यादव तथा शहर की प्रथम महिला रेणु बाला गुप्ता महापौर ने संयुक्त रूप से कर्ण गेट मार्किट और गुड मण्ड़ी का दौरा कर दुकानदारों को पॉलीथिन के प्रयोग से तौबा करने के लिए जागरूक किया। महापौर और आयुक्त दुकान-दर-दुकान पैदल चलकर व्यापारियों या दुकानदारों से मिले और उनकी दिनचर्या में पॉलीथिन के प्रयोग का कितना हिस्सा है, इसकी जानकारी ली।
खास बात यह रही कि अधिकतर दुकानदारों के पास डिस्पोजेबल कैरीबैग और खाने में प्रयुक्त होने वाले गलनशील पदार्थों से निर्मित थाली, गिलास जैसे बर्तन देखे गए। इस बदलाव को लेकर दुकानदारों ने अपनी प्रतिक्रिया में बताया कि शहर को पॉलीथिन मुक्त करने के लिए नगर निगम का अभियान अच्छा है, जो धीरे-धीरे ग्राहक और दुकानदारों के समझ में आ रहा है, लेकिन फिलहाल किफायती तौर पर यह कुछ-कुछ महंगा पड़ता है। इस पर निगम आयुक्त ने उन्हें बताया कि गलनशील पदार्थों से बने कैरीबैग देखने में बिल्कुल पॉलीथिन कैरीबैग की तरह दिखते हैं, इनके उत्पादन को लेकर फिलहाल चार-पांच कम्पनियां ही बाजार में आई हैं। अगले कुछ दिनो में करीब 25 कम्पनियां अपना प्रोडक्ट लेकर आएंगी, इससे प्रतिस्पर्धा बढेगी और स्वभाविक तौर पर रेट सस्ते होंगे, जिससे दुकानदार और ग्राहक दोनो को फायदा होगा। मेयर और आयुक्त का यह अभियान एक घण्टे से भी अधिक चलता रहा। इस बीच दुकानदारों के व्यवहार को देखकर लगा कि यह सभी नगर निगम को अपना सहयोग देते रहेंगे।
इस दौरे में मेयर ने दुकानदारों को देशहित का हवाला देकर प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत का जिक्र किया और कहा कि माननीय सर्वाेच्च न्यायालय और एन.जी.टी. के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदूषण फैलाने वाले सभी तरह के वेस्ट हैं और हानिकारक पॉलीथिन व प्लास्टिक के प्रयोग को बंद करने के लिए राज्य और जिला प्रशासन अपनी भूमिका निभाएं। इन आदेशो की अनुपालना में नगर निगम की ओर से पॉलीथिन को जब्त करने के साथ-साथ जनता को बायोडिग्रेडेबल कैरीबैग व कपड़े के थैलों का प्रयोग करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे प्रयास जन भागीदारी से ही सफल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नए भारत का सपना, जिसमें देश को पॉलीथिन मुक्त करना भी है, तभी साकार होगा जब प्रत्येक व्यक्ति इससे जुड़ेगा। उन्होंने पॉलीथिन मुक्त अभियान को लेकर बाजार में किए गए अपने दौरे को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को समर्पित बताया और कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री इतनी बड़ी सोच रखते हैं तो नागरिकों को भी उनके साथ कदम से कदम मिलाना चाहिए।
निगमायुक्त निशांत कुमार यादव ने दुकानदारों को बताया कि जिस उद्ïदेश्य को लेकर नगर निगम ने शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने का अभियान छेड़ा है, उसमें करीब 90 प्रतिशत सफलता मिली है। अगले 10 दिनो में यह शत प्रतिशत होगी, क्योंकि इसे सर्वाेच्च प्राथमिकता में लेकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन मुक्त भारत के लिए अभियान की सोच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की है, जिसको आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का समर्थन और मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने अभियान को मजबूती प्रदान करने के लिए शहर के व्यापार मण्डल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया और उनसे यह भी आग्रह किया कि वे नगर निगम द्वारा बड़ी संख्या में बनवाए गए थैलों को अपनी दुकान पर रखें और सब्सिडाईज़ दरों पर ग्राहको को दें।
मेयर और निगम आयुक्त के इस दौरे में डीएमसी धीरज कुमार, वार्ड 15 के पार्षद युद्घवीर सैनी के अतिरिक्त, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, सफाई निरीक्षक संदीप, मोटीवेटर तथा इस क्षेत्र के दुकानदार भी शामिल रहे।
Post Now India Post Now India