कुरुक्षेत्र, 11 फरवरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 12 फरवरी को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से स्वच्छता का संदेश देंगे। स्वच्छ शक्ति सम्मेलन में महिला सरपंच-पंच के साथ देश भर के उपायुक्त भी हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में 27 प्रदेशों के 64 जिला उपायुक्त विशेष दर्शक दीर्घा में शोभा बढ़ाएंगे। इन प्रदेशों के उपायुक्त अपने-अपने जिलों में स्वच्छता की नई इबादत को लिखने में अहम भूमिका अदा करेंगे। सभी जिला उपायुक्तों को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की ओर से बकायदा पत्र लिखकर स्वच्छ शक्ति सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया गया है। हरियाणा से दो उपायुक्तों को आमंत्रित किया गया है। इनमें पानीपत की उपायुक्त सुमेधा कटारिया व रोहतक उपायुक्त डॉ. यश गर्ग को बुलाया गया है। बता दें कि सुमेधा कटारिया ने कुरुक्षेत्र की उपायुक्त रहते हुए जिले को खुले से शौच मुक्त अभियान में अहम भूमिका निभाई थी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों को खुले से शौच मुक्त करने में जागरूकता अभियान चलाया था।
स्वच्छ शक्ति सम्मेलन से सभी उपायुक्त अपने-अपने जिलों में प्रधानमंत्री के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में हर गली-मोहल्ले तक संदेश पहुंचाने में नारी शक्ति भी अहम भूमिका निभाएगी। इसलिए इन जिला उपायुक्तों को आमंत्रित किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हो सके।
इन प्रदेशों से हिस्सा लेंगे उपायुक्त
आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, दादर एवं नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, मेघालय, नागालैंड, चंडीगढ़, पंजाब व उड़ीसा से 1-1 उपायुक्त हिस्सा लेंगे। असम, गोवा, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़, पश्चिमी बंगाल, तेलंगाना व सिक्किम से 2-2, तमिलनाडु से 3, बिहार से 5, झारखंड व उत्तर प्रदेश से 8-8, मध्य प्रदेश से 7 जिला उपायुक्त हिस्सा लेंगे।
Post Now India Post Now India