कुरुक्षेत्र,13 जनवरी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. एस एस फुलिया ने कहा कि पुलिस के 100 नबंर की तर्ज पर चुनाव आयोग की तरफ से टोल फ्री नबंर 1950 को जारी किया जाएगा। इस टोल फ्री नबंर से मतदाताओं को अपने वोट से संबधित हर प्रकार की अपटूडेट जानकारी मिल पाएगी। इतना ही नहीं जिला स्तर पर काल सेंटर की भी स्थापना की जाएगी।
वे रविवार को लघुसचिवालय के एनआईसी कार्यालय में अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से निर्वाचन से संबंधित अधिकारियों को आगामी लोक सभा के चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए सभी उपायुक्त अपने-अपने जिलों के चुनाव कार्यालयों में कॉल सेंटर की स्थापना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करेंगे। इस काल सेंटर पर कर्मचारियों की डयूटी लगाएं ताकि मतदाताओं को जानकारी हासिल करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि आगामी सात दिनों में अपने-अपने जिले के पुलिस अधीक्षक को साथ लेकर संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों तथा कानून व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लेंगे।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम ना छूटे और जिला में रहने वाले सैलेब्रेटी व उनके परिजनों,दिव्यांग व महिलाओं की वोट बनाना भी सुनिश्चित करें और सभी को वोट डालने के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि आगामी 14 जनवरी को तैयार की गई मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा, फिर भी पात्र व्यक्ति वोट बनवाने से वंचित रह जाता है तो वह संबंधित बीएलओ से सम्पर्क करके फार्म न0-6 भरकर अपना वोट बनवा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग बूथों पर पेयजल, बिजली, शौचालय तथा छाया इत्यादि की समुचित व्यवस्था हो और दिव्यांगों के लिए रैम्प अवश्य बनवाएं जाएंगें। सभी पोलिंग स्टेशन संचार की परीधि में हो ताकि चुनाव के समय हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकें। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथों पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से सलाह करके बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि 25 जनवरी को सभी बूथों सहित जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित करके राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस दिन नए मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए जाएंगे। इतना ही नहीं 25 जनवरी को प्रचार रथ को भी रवाना किया जाएगा। इस प्रचार रथ के माध्यम से लोगों को वोट डालने के प्रति जागरूक करने के साथ साथ वोट डालने के बारे में जानकारी दी जाएगी। यह प्रचार रथ गांव-गांव, शहर व कस्बों में पहुंचेगा। इस प्रचार रथ पर ईवीएम रखी जाएगी और लोगों को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फर्जी मतदाताओं के नाम जल्द से जल्द सूची से हटाएं, पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े जाए। इस अवसर पर एडीसी अनिश यादव. एसडीएम अनिल यादव, एसडीएम सुशील कुमार, नगराधीश संयम गर्ग, कानूगो सुभाषचंद, नीलम कुमारी, महा सिंह, सर्वजीत सिंह उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India