कुरुक्षेत्र। प्ररेणा समिति हरियाणा द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए साईकिल की सवारी को जीवन में अपनाने के लिए लोगों को जागरूक किया। आज समिति द्वारा 196वीं साईकिल चलाओ पर्यावरण बचाओ रैली निकाली। रैली में प्रांतीय अध्यक्ष डाक्टर अशोक कुमार वर्मा, कुरुक्षेत्र के उप प्रधान कैप्टन गुरमेल सिंह और उप प्रधान सुबेदार रविंद्र कौशिक, संरक्षक बिमल विनोद वशिष्ठ, रजनीकांत सैनी, सेवानिवृत्त उप निरीक्षक कर्म चंद सहित अनेक युवाओं ने भाग लिया। संरक्षक बिमल विनोद वशिष्ठ की अध्यक्षता में शहीद स्मारक के कुछ भाग की सफाई भी की गई। कैप्टन गुरमेल सिंह और सुबेदार रविंद्र कौशिक ने संयुक्त रूप से कहा कि यह शहीदी स्मारक हमारे लिए गौरव का विषय है। कर्म चंद ने इस कार्य में सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक लोगों को साईकिल की सवारी अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। पर्यावरण प्रहरी डाक्टर अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि प्रकृति ही ईश्वर का अमूल्य वरदान है। आज आवश्यकता है कि जिस तरह हमारे पूर्वजों ने प्रकृति को भगवान का दर्जा दिया है, हम भी उसी राह पर चलकर प्रकृति का सम्मान करें। प्रकृति में पांच तत्वों का समावेश है जिसमें जल, वायु, आकाश, प्रथ्वी और अग्नि शामिल है। यदि हम भगवान को मानते हैं तो भ से भूमि, ग से गगन, व से वायु, अ से अग्नि और न से नीर का सम्मान करना चाहिए क्योंकि वास्तव में प्रकृति के रूप में भगवान को हम साक्षात देख सकते हैं। दिन प्रतिदिन बढ़ रही गरमी, पानी की कमी आदि अनेक ऐसी समस्याएं हैं जिन्हे हम साइकिल की सवारी को अपनाकर, अधिक से अधिक पौधारोपण कर, कूड़े करकट एवं फसल के अवशेष में आग न लगाकर और पर्यावरण संरक्षण के अन्य उपायों के द्वारा कम कर सकते हैं.
Post Now India Post Now India