करनाल, 16 अप्रैल: लोकसभा चुनाव 2019 में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जिला के मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है। इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के डीएवी वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय में करीब 2500 विद्यार्थियों ने मानवश्रृंखला से भारत का मानचित्र बनाकर सुगम मतदान का सन्देश दिया। इसके लिए विभाग के अध्यापकों ने भी विशेष रूचि दिखाई।
लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की जागरूकता के लिए स्वीप गतिविधियों के नोडल अधिकारी अनिश यादव ने इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें वोट के महत्व बारे बताया। उन्होंने कहा कि प्रजातान्त्रिक व्यवस्था में वोट का विशेष महत्व है जिससे प्रतिनिधि चुना जाता है और जनता के प्रति उत्तरदायी होता है। प्रत्येक मतदाता को मतदान के दिन अपने वोट के अधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। इससे उनकी पसंद का प्रतिनिधि चुनकर लोकसभा में जाता है और अपने -अपने क्षेत्र की बेहतरी के लिए आवाज उठाता है जिससे योजनाएं बनती हैं, जिनका जनता लाभ उठाती है।
मौजूदा लोकसभा आम चुनाव की प्रक्रिया के संदर्भ बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र में एक पर्व के समान है। इसमें बच्चे हो या महिलाएं, वृद्घ हों या जवान सभी की प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से भूमिका रहती है। इसे देखते हुए विद्यार्थी भले ही वे अभी वोट बनवाने के पात्र नहीं हैं लेकिन वे अपने अभिभावकों और आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों को मतदान केन्द्र तक जाकर वोट डालने के लिए जागरूक कर सकते हैं। सभी मतदान केन्द्र 1 किमी के दायरें में ही बनाए गए हैं तथा अत्याधिक वृद्घ, गर्भवती महिला व दिव्यांग के लिए वाहन की सुविधा भी रहेगी। इस बार मतदाताओं की सुविधा के लिए मतपर्ची के पीछे उनके मतदान केन्द्र का गूगल मैम्प, मतसंख्या व बूथ संख्या की जानकारी रहेगी ताकि किसी को भी मतदान करने में कोई दिक्कत न आए।
उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से कहा कि करनाल जिला में आगामी 12 मई को मतदान की तिथि है। इस दिन प्रत्येक मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट जरूर करें। यदि किसी को किसी भी उम्मीदवार से कोई नराजगी है और वह उसे वोट नहीं करना चाहता तो भी मतदान केन्द्र पर जाएं और नोटा का बटन दबाकर अपने मत का प्रयोग करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय से स्वीप प्रभारी प्रवीन कुमार मोर, कार्यकारी जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल सिंह, डीएवी स्कूल के प्राचार्य श्री रविन्द्र गोयल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ सुशील कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ मुंजाल तथा अध्यापकगण मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India