करनाल 2 जून: हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यों तथा परियोजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग द्वारा 3 जून से आगामी 3 जुलाई तक यानि एक माह का विशेष प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिला के लगभग सभी गांवो में विभागीय ड्रामा पार्टी व अनुबंधित भजन मंडली के कलाकार लोक गीतों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करेंगे। यह जानकारी जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुनील बसताड़ा ने दी।
उन्होंने बताया कि विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरों के निर्देश पर तथा संयुक्त निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी के मागदर्शन में हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का गुणगान करने के लिए जिला में ड्रामा पार्टी व भजन मंडलियों का एक दौरा कार्यक्रम तैयार किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत एक विभागीय ड्रामा पार्टी तथा छ: अनुबंधित भजन पार्टियां गांव-गांव पहुंचकर लोकगीतों के माध्यम से सरकार की योजनाओं के बारे में लोगो को जागरूक करेंगे, ताकि आम आदमी को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।
उन्होंने बताया कि विशेष प्रचार अभियान के तहत ड्रामा व भजन पार्टी एक दिन में दो-दो गांवो में कार्यक्रम देंगी। अभियान के सफल आयोजन के लिए भजन मंडली व ड्रामा पार्टी के कलाकारों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए जिला मुख्यालय के अधिकारियों के अलावा चण्डीगढ़ मुख्यालय के उच्च अधिकारियों द्वारा भी कार्यक्रमों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रामा पार्टी द्वारा जिले के बड़े-बड़े गांवो में नुक्कड़ सभाएं आयोजित करके सरकार का प्रचार किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायतो से अपील की कि विशेष प्रचार अभियान के तहत प्रस्तावित दौरे कार्यक्रम के दौरान अपने-अपने गांवो में ड्रामा पार्टी व भजन मंडलियो के कार्यक्रम करवाना सुनिश्चित करें तथा एक दिन पहले गांवो में मुनियादी भी अवश्य करवाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।
प्रिंट व इलैक्ट्रोनिक मीडिया से विशेष अभियान में बड़े-बड़े विकास कार्यों के प्रोजेक्टों का करवाया जाएगा प्रचार-प्रसार: डीआईपीआरओ सुनील बसताड़ा।
डीआईपीआरओ सुनील बसताड़ा ने बताया कि एक माह तक चलने वाले विशेष प्रचार अभियान के तहत हरियाणा सरकार द्वारा जिला में करवाए गए विकास कार्यों के बड़े-बड़े प्रोजेक्टों का प्रचार-प्रसार प्रिंट व इलैक्ट्रोनिक मीडिया के द्वारा करवाया जाएगा। विभाग की ओर से प्रिंट व इलैक्ट्रोनिक मीडिया से जुड़े मीडिया कर्मियों को गांव व शहर में सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों को कवर करवाया जाएगा।
Post Now India Post Now India