करनाल 21 दिसम्बर , खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए जो किया वह पहले की सरकारों से कईं अधिक गुणा है। किसानों की आय को दुगुनी करने के लिए सरकार कृषि व बागवानी को बढ़ावा दे रही है। किसानों को उनकी फसलों का उचित समर्थन मूल्य दिया जा रहा है तथा फसल खराबे के लिए गिरदावरी करके किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की किसान हितैषी ऐसी पॉलिसी है कि अब किसान की आर्थिक हालत कमजोर नहीं रहेगी।
उन्होंने एक बातचीत में कहा कि किसान हितैषी ढिंढोरा पीटने वाले नेताओं ने किसानों के लिए कोई ऐसी योजना नहीं बनाई जिससे किसान आगे बढ़ सके। वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार ने किसानों की आय में बढ़ोतरी के लिए अनेकों योजनाएं बनाई हैं, अब किसान की फसल खराब होने पर मुआवजा 12 हजार रुपये किसान को मिलता है और उनकी फसल का बीमा भी किया जाता है। फसल खराब होने पर बीमा कंपनी द्वारा किसान को मुआवजा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गोभी, टमाटर, आलू, प्याज की फसल को भावांतर भरपाई योजना में शामिल किया गया है और इसके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया है कि इससे कम मूल्य पर यदि मंडी में किसान की यह फसल बिकती है तो सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर उनकी फसल खरीदी जाएगी। सरकार की इस नीति से किसान को अपनी फसलें सडक़ों पर नहीं फेंकने पर मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि किसानों को अब खाद के लिए लम्बी लाईनों में खड़ा नहीं होना पड़ता। किसान की मांग से पहले ही खाद का भंडारण सरकार द्वारा किया जाता है। किसानों के हित को देखते हुए खाल पक्का करने का नॉर्म लगभग दोगुना कर दिया है। इससे किसानों के अंतिम खेतों तक खाल पक्के होंगे। उन्होंने कहा कि पहले खाल पक्का करने का नॉर्म 24 फीट प्रति एकड़ था जो अब बढ़ाकर 40 फीट प्रति एकड़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस निर्णय से प्रत्येक किसान को लाभ मिलेगा। अंतिम खेतों तक खाल पक्के बनेंगे, इसके लिए प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए राईट टू वे एक्ट बनाया है। इससे लाभ उन सभी किसानों को मिलेगा जो किसान अपने एक खेत से दूसरे खेत में ट्यूबवैल की पाईपलाईन डाल कर ले जाना चाहते हैं।
Post Now India Post Now India