कुरुक्षेत्र 7 जनवरी – उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि पिपली से लेकर पिहोवा तक सरस्वती नदी में जाने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा उचित प्रबंध किए जा रहे है। इस कार्य के लिए प्रशासन की तरफ से पहले से 11 जगहों पर गंदे पानी को रोकने के लिए कार्य किया जा रहा है।
वे सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड, जन स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज, नगर परिषद थानेसर, जिला विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा कराए गए कार्यो की और होने वाले कार्यो से सम्बन्धित फीडबैक रिपोर्ट हासिल की। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों द्वारा भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
उपायुक्त ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसर गांव बरगट, कसीथल, उंटशाल, कौलापुर, रामगढ़, बीड़ पिपली, सैंयसा, अरुणाय, धनीरामपुरा के साथ-साथ थानेसर शहर और पिहोवा शहर में कई जगहों पर सरस्वती में जाने वाले गंदे पानी को रोकना है। इस कार्य को लेकर प्रशासन ने 11 जगहों पर गंदे पानी को रोकने के लिए तेजी के साथ कार्य किया है। इसके बावजूद कई और जगहों पर गंदे पानी को लेकर बिंदू चिन्हित किए गए है। इस कार्य को लेकर सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के आदेश जारी किए गए है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थान के अधिकारी गांव में होने वाले कार्यो का मौके पर जाकर जायजा लेंगे और कार्य पूरा करने के लिए योजना तैयार करेंगे। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दोनों निर्माणाधीन एसटीपी में गंदे पानी की निकासी को लेकर उचित प्रबंध करेंगे ताकि एसटीपी के माध्यम से पानी की ट्रीटमेंट की जा सके। इस मौके पर एडीसी अनिश यादव, एसडीएम अनिल यादव, डीडीपीओ कपिल शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे
Post Now India Post Now India