कुरुक्षेत्र 7 जनवरी – उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त जिला बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को सांझे प्रयास करने होंगे। इन सांझे प्रयासों के चलते ही कुरुक्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त किया जा सकता है। इसके लिए जिले के प्रत्येक वर्ग में जागृति लानी होगी और स्कूलों, ग्रामसभाओं, वार्डो में लोगों को जागरुक करना होगा। इतना ही नहीं जिले में पॉलिथीन पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने के आदेश भी जारी किए गए है।
वे सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में कुरुक्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त बनाने को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र जिले को पॉलिथीन मुक्त बनाना है। इसके लिए एक योजना तैयार की गई है। इस योजना के अनुसार प्रदूषण नियंत्रण विभाग, नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अधिकारी, पंचायत विभाग के अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी कार्य करेंगे। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग स्तर पर भी योजनाबद्घ तरीके से लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सबसे पहले पॉलिथीन मुक्त कुरुक्षेत्र बनाने से सम्बन्धित गतिविधियों को अंजाम देंगे, इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों में जागरुकता भी लाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारी स्कूलों और पंचायतों में लोगों को पॉलिथीन का प्रयोग न करने बारे जागरुक करेंगे। इसी तरह नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अधिकारी भी शहर में कुरुक्षेत्र को पॉलिथीन मुक्त करने के प्रति जागरुक करेंगे। इसके पश्चात जो भी व्यक्ति और दुकानदार पॉलिथीन का प्रयोग करते हुए पाया गया, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। इस सम्बन्ध में सभी अधिकारी हर सप्ताह अपनी रिपोर्ट प्रशासन को भिजवाना सुनिश्चित करेंगे। इस मामले में रतिभर भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
डीसी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में पॉलिथीन के प्रयोग पर पूर्णत: प्रतिबंध होने की जानकारी भी सभी विभागों के अधिकारी मिलकर लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे ताकि दुकानदार और लोग जागरुक होकर स्वयं ही पॉलिथीन का प्रयोग करना बंद कर दे। इसके बावजूद जो व्यक्ति पॉलिथीन का प्रयोग करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई करना सुनिश्चित करे। इस मौके पर एडीसी अनिश यादव, एसडीएम अनिल यादव, एसडीएम सुशील कुमार, नगराधीश संयम गर्ग, डीआरओ डा. चांदी राम, डीडीपीओ कपिल शर्मा, डीआईपीआरओ सुरेश कंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Post Now India Post Now India