करनाल। राज्य की बिजली वितरण कंपनियों द्वारा शुरू की गई बिल निपटान योजना बिजली के बकाएदार उपभोक्ताओं के लिए बकाया के बोझ से मुक्ति के आकर्षक अवसर के रूप में आयी है। हज़ारों की संख्या में उपभोक्ताओं ने सरकार की इस योजना को हाथों हाथ लिया है। पानीपत ज़िले के लगभग 24000 और करनाल ज़िले में क़रीब 14000 उपभोक्ता ही बचे हैं जिन्होंने अब तक इस योजना का लाभ प्राप्त नहीं किया है। यह तथ्य हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष एवं निदेशक प्रो. वीरेंद्र सिंह चौहान द्वारा आज शाम वेब कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोनों ज़िलों के अधिकारियों के साथ इस योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान उभरकर सामने आए।
पानीपत के अधीक्षण अभियंता पी. के. गोयल और करनाल से कार्यकारी अभियंता गगन पांडे ने इस जन जागरूकता विमर्श में प्रतिभागिता की।
वेब कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान प्रो. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में बिजली क्षेत्र में सुधार के लिए प्रभावी क़दम उठाए हैं।
बिल निपटान योजना के अंतर्गत बकाएदार उपभोक्ताओं को बकाया के बोझ से आसानी से निकलने का अवसर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ग़रीबी की रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले उपभोक्ता तो महज़ 1340 रुपये देकरअपने समूचे बकाया से छुटकारा पा सकते हैं और नया कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।
प्रोफ़ेसर चौहान ने म्हारा गाँव जगमग गाँव योजना को भी गांवों में बिजली आपूर्ति के मामले में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाली योजना क़रार दिया। उन्होंने कहा कि इस योजना के चलते हरियाणा में 2850 से अधिक गाँव ऐसे हैं जिन्हें इस समय 24 घंटे बिजली आपूर्ति हो रही है।
प्रो. चौहान ने कहा कि हरियाणा की वर्तमान सरकार ने बिजली की दरें कम करने का भी ऐतिहासिक निर्णय लिया है और घटी हुई बिजली की दरों का बड़ी संख्या में आमजन को लाभ हो रहा है।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता पी. के. गोयल ने बताया कि पानीपत जिले में इस योजना के अंतर्गत बकायेदार उपभोक्ताओं ने अब तक 26 करोड़ रूपये से अधिक की राशि जमा कराई है। कार्यकारी अभियंता गगन पांडे ने बताया कि करनाल ज़िले में 88000 उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिल सकता था जिनमें से 74000 योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि शेष बचे उपभोक्ताओं को भी योजना का लाभ पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पांडे ने बताया कि करनाल ज़िले में 190 से अधिक गाँव 24 घंटे बिजली प्राप्त कर रहे हैं।
Post Now India Post Now India